मध्य प्रदेश के चार जिलों खंडवा, सिंगरौली, बैतूल और छिंदवाड़ा में चार अलग-अलग हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।
बेटी को विदा कराने गए पांच लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। ट्रॉली में करीब 35 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे बैतूल के चिचोली थाना क्षेत्र में केसिया और कान्हेगांव मार्ग पर हुआ है। बताया जा रहा है कि बोंदरी गांव के डोमा उइके की बेटी सरोज की शादी दो दिन पहले इमली ढाना में हुई थी। गांव के लोग बेटी को ससुराल से पहली बार लेने के लिए तीन ट्रैक्टर ट्रॉली से इमली ढाना गए थे। सरोज को जीप से गांव भिजवा दिया गया था। बाकी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव लौट रहे थे। एक ट्रैक्टर ट्रॉली तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर कान्हेगांव और केसिया गांव के बीच सड़क किनारे पलट गई।
विज्ञापन
2 of 3
घायलों को पहले चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया और उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस वाहन एवं हंड्रेड डायल मौके पर पहुंची। हादसे में पांच लोगों की गंभीर चोट आने से मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को पहले चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया और उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया गया है।
मन्नत समारोह से लौट रहे पांच लोगों की मौत
खंडवा में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत दो मासूमों की मौत हो गई। हादसा खंडवा के खिरकिया-खालवा के बीच धनोरा गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुआ, हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में सवार होकर करीब 35 लोग मेढ़ापानी के कुनबा हरदा में मन्नत कार्यक्रम से लौट रहे थे। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई, जिसके नीचे लोग दब गए और उनकी मौत हो गई।
खंडवा में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दो मासूम बच्चों समेत पांच की मौत।
- फोटो : सोशल मीडिया
शादी की खरीदी कर लौट रहे दो युवकों की मौत
छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ के केकड़ा में बाइक के अनियंत्रित होने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हैं। बताया जा रहा है कि बाइक में चार युवक सवार थे। बिछुआ के केकड़ा गांव का रहने वाला 26 वर्षीय विक्की पिता सुधाकर चौहान अपने दोस्त 15 वर्षीय आकाश पिता राजकुमार यादव और दो अन्य युवकों के साथ शादी का सामान खरीदने बिछुआ गया था। सामान खरीदकर चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस केकड़ा गांव जा रहे थे, रास्ते में मोटरसाइकिल दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में विक्की चौहान और आकाश यादव की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिंगरौली में सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौत
सिंगरौली जिले के अमरहवा गांव में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, हादसे में मामा और पांच साल के भांजे की मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार बहन जख्मी है। हादसा शुक्रवार शाम का बताया जा रहा है। पुलिस ने डंपर जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।