मीरा यादव का परिवार सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
मीरा के पति का आरोप- सुधार का मौका नहीं दिया
मीरा के पति दीपनारायण यादव ने कहा कि गुरुवार को तो अधिकारियों ने वेरिफाई किया था। नियमावली में साफ नियम है कि कुछ कमी है तो निर्वाचन अधिकारी उसमें सुधार के लिए कहता है। गुरुवार को अधिकारियों ने नामांकन को ओके किया था। अब उसमें दो कमियां बताई जा रही हैं। दो जगह प्रत्याशी के दस्तखत होते हैं। एक जगह तो है और दूसरी जगह नहीं है। मतदाता परिचय पत्र की पुरानी सर्टिफाइड कॉपी दी है। उसकी वजह यह है कि हमने दो अप्रैल को आवेदन दिया था। तीन अप्रैल को कॉपी नहीं मिल पाई। हमारे पास जो सर्टिफाइड कॉपी उपलब्ध थी, वह हमने लगा दी। अगर आपको खराब दिख रही थी, पुरानी दिख रही थी तो हमें कहा जाता। हम वह भी उपलब्ध करा देते। हम तीन बजे के पहले सामने थे। कलेक्टर ने मुझसे कहा कि नामांकन निरस्त कर दिया है। हमने कहा कि अभी समय है। तीन बजने में वक्त है। यदि कोई कमी है तो हम उसे ठीक कर देंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को लग रहा था कि कमी है तो वह हमें बता सकते थे। हम उसे ठीक कर देते। हम इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पास जाएंगे।
कौन है मीरा यादव
मीरा यादव निमाड़ी विधायक रह चुकी हैं। उनके पति दीप नारायण सिंह यादव भी यूपी के झांसी के गरोठा विधानसभा सीट से दो बार के विधायक हैं। यादव परिवार का राजनीतिक रसूख न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड सहित कई इलाकों में बना हुआ है। यादव समाज का बड़ा चेहरा होने की वजह से दीपनारायण यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के काफी करीबी हैं। सपा ने पहले मनोज यादव को उम्मीदवार बनाया था। इसके दो दिन बाद ही मनोज यादव का टिकट काटकर मीरा को टिकट दिया गया था। दूसरे चरण के नामांकन के आखिरी दिन यानी चार अप्रैल को ही मीरा ने नामांकन दाखिल किया था। दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होना है।
खजुराहो में अब 14 उम्मीदवार ही शेष
मीरा यादव के साथ पांच अभ्यर्थियों का नामांकन पत्र निरस्त हुआ है। इसके बाद अब खजुराहो सीट पर 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। अभ्यर्थी सोमवार को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारी से नाम वापस ले सकेंगे। भाजपा से विष्णुदत्त शर्मा, बसपा से कमलेश कुमार पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। 12 निर्दलीय मोहम्मद इमरान, कपिल गुप्ता भारतीय, केशकली, गिरन सिंह, नंदकिशोर, पंकज मौर्य (कुशवाहा), पन्ना लाल त्रिपाठी एड., फिरोज खां, बिटइया अहिरवार, आर.बी. प्रजापति (राजा भइया) पूर्व आई.ए.एस., लक्ष्मी प्रसाद और पेंटर सुनमान सिंह लोधी भी चुनाव लड़ रहे हैं।