मध्यप्रदेश के कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) का पद पिछले एक सप्ताह से खाली है। पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर एफआईआर दर्ज होने और उनके फरार होने के बाद यह कुर्सी खाली पड़ी है। बता दें कि इससे पहले भी इसी पद पर रहीं एक अन्य महिला अधिकारी का कार्यकाल विवादों में रह चुका है। लगातार दो महिला सीएसपी के कार्यकाल विवादों में रहने के बाद अब कटनी में एक बार फिर नए सीएसपी की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शहर के लोग और समाजसेवी संगठन अब शासन से ईमानदार, निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
नेहा पच्चीसिया शुरू से विवादों में
बता दें कि कटनी में इससे पहले तत्कालीन सीएसपी ख्याति मिश्रा पदस्थ थीं। उनके कार्यकाल के दौरान भी कई विवाद सामने आए, जिसके बाद उन्हें कटनी से हटा दिया गया। उनके जाने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी नेहा पच्चीसिया को सौंपी गई। हालांकि उनका कार्यकाल भी शुरू से ही विवादों में रहा। कभी अवैध वसूली के आरोप, कभी प्रशासनिक अधिकारी को कथित रूप से धमकाने के मामले, तो हाल ही में हत्या के आरोपी से जुड़े जमीन सौदे में नाम आने के बाद यह मामला पूरे प्रदेश की सुर्खियों में छा गया। मामला इतना गंभीर हुआ कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर नेहा पच्चीसिया को निलंबित करने के निर्देश देने पड़े। एफआईआर दर्ज होने के बाद से नेहा पच्चीसिया फरार चल रही हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें-
एमपी: तीन ASP, जमीन सौदा और बढ़ती मुश्किलें...पच्चीसिया के सील दफ्तर से क्या निकलेगा? SIT की जांच पर टिकी नजर
ख्याति मिश्रा का क्या था विवाद?
बता दें कटनी की पूर्व नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) ख्याति मिश्रा को उनके निजी एवं पारिवारिक विवाद के प्रशासनिक रूप लेने और शासकीय आवास पर हुए भारी हंगामे के कारण मई 2025 में कटनी से हटाया गया था। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि मुख्यमंत्री मोहन यादव को खुद हस्तक्षेप करना पड़ा था। जानकारी के मुताबिक तत्कालीन सीएसपी ख्याति मिश्रा के सरकारी बंगले में उनके तहसीलदार पति शैलेंद्र शर्मा अपने बेटे, सास ससुर के साथ उन्हें मनाने पहुंचे थे। वे लोग सामान पैकिंग कर रहे थे तभी एसपी के कहने पर डीएसपी प्रभात शुक्ला कोतवाली पुलिस के साथ वहां पहुंचे और आरोप है कि बच्चे-बूढ़े समेत सभी से बर्बरता पूर्वक मारपीट की गई थी। इसके बाद सीएम मोहन यादव ने तत्काल एसपी अभिजीत रंजन को कटनी से हटाया था, वहीं सीएसपी ख्याति मिश्रा को कटनी से हटाकर अमरपाटन भेजा था।
सख्त और ईमानदार हो अगला सीएसपी
लगातार दो सीएसपी के कार्यकाल विवादों में रहने के कारण अब कटनी की जनता, व्यापारी संगठन और समाजसेवी खुलकर यह मांग कर रहे हैं कि जिले को ऐसा सीएसपी मिले जिसकी छवि साफ-सुथरी हो, जो बिना किसी दबाव के कानून का पालन कराए और अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करे। लोगों का कहना है कि कटनी जैसे संवेदनशील जिले में पुलिस व्यवस्था पर जनता का विश्वास कायम रखने के लिए ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति बेहद जरूरी है। फिलहाल कटनी में सीएसपी का पद करीब एक सप्ताह से खाली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से अभी तक नए अधिकारी की नियुक्ति की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अब पूरे जिले की निगाहें शासन के अगले फैसले पर टिकी हैं कि आखिर कटनी का अगला सीएसपी कौन होगा।