फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fraud: बुर्का गैंग की महिलाओं का आतंक, सोने-चांदी के व्यापारियों को देशभर में लूटा, इंदौर में पकड़ाईं

Tue, 11 Jun 2024 07:15 PM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

पुलिस ने महिलाओं के पास से दस लाख रुपए कीमत की सोने की लटकन जब्त की है। अन्य वारदातों को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। 
 
विज्ञापन
1 of 2
इंदौर में पकड़ाईं बुर्का गैंग की महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल, इंदौर
इंदौर में बुर्का गैंग की महिलाओं को पुलिस ने पकड़ा है जो देशभर में कई वारदात कर चुकी है। महाराष्ट्र के साथ ही अन्य राज्यों में भी इनके केस दर्ज हैं। सराफा में चार दिन पहले ज्वेलरी की दुकान से सोने की लटकन चोरी हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने चोरी करने वाली दो महिला चोर और एक साथी को गिरफ्तार किया है। वारदात करने के बाद यह सभी आरोपी मालेगांव भाग गए थे। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मालेगांव से तीनों को गिरफ्तार किया।

कई व्यापारियों को लगाया चूना
डीसीपी ऋषिकेश मीना ने बताया कि इंदौर के प्रदीप जैन की दुकान पर हुई वारदात के मामले में दो महिला चोर सईदा, सायदा और उनके साथी राजेश को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 लाख रुपए से ज्यादा कीमत की सोने की लटकन और कार भी जब्त की गई है। ये महिलाएं देश में कई वारदातें कर चुकी हैं, इंदौर में वारदात करने आईं तो पकड़ा गईं। अभी इन्होंने महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में वारदात करना कबूल किया है। देश में अन्य जगह भी इन्होंने वारदातें की हैं जिनके बारे में पूछताछ की जा रही है। 

पुलिस को चकमा देने के लिए कई बार ऑटो बदले
व्यापारी प्रदीप ने अपनी शिकायत में बताया कि सराफा में मण्डोत ज्वेलर्स नाम से उनकी दुकान है। कुछ दिन पहले बुर्का पहने महिलाएं दुकान पर सोने की लटकन लेने के लिए आईं थी। एक लटकन उन्होंने पसंद की और कहा कि इसमें कुछ कमी है ठीक कर दीजिए। एक हजार रुपए एडवांस भी दिए। उन्होंने शाम को वापस आने का कहा लेकिन शाम को नहीं आईं। जब शाम को प्रदीप ने जब दुकान का सामान जांचा तो पता चला कि करीब 150 ग्राम से अधिक की सोने की लटकन गायब है। इस पर उन्होंने तत्काल सराफा थाने में केस दर्ज करवाया। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

2 of 2
सराफा में चोरी का सीसीटीवी में कैद हुई। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल, इंदौर
पुलिस ने जांच टीम गठित की और सराफा के सीसीटीवी फुटेज देखना शुरू किए। फुटेज में दोनों महिलाओं ने दुकान से जाने के बाद कई बार ऑटो बदले और फिर तीसरे ऑटो में बैठकर सुभाष चौक पार्किंग पहुंची। वहां से कार में बैठकर चली गईं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार नंबर ट्रेस करना शुरू किया। नंबर के आधार पर कार इंदौर-मुंबई हाईवे के टोल से पास होने की जानकारी मिली। इसके बाद आरोपी महिलाओं के पीछे पुलिस टीम मालेगांव पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया। 

कई वारदातें कबूल की
आरोपी महिलाओं ने महाराष्ट्र में कई वारदातें कबूल की हैं। उन्होंने बताया कि इसी तरह से वे महाराष्ट्र के चिखली और कई अन्य जिलों में भी वारदात कर चुकी हैं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में रखा है और पूछताछ कर रही है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें