भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इंदौर में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक ली। मप्र के संगठन की तारीफ की और बूथ विस्तारक योजना को अन्य प्रदेशों में लागू करने की बात कही। सीएम शिवराज और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की खूब प्रशंसा की।
विज्ञापन
1 of 8
इस तरह हुआ राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का स्वागत
- फोटो : सोशल मीडिया
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार रात भाजपा की बैठकें लीं। एक बैठक कोर कमेटी की थी तो दूसरी प्रदेश पदाधिकारियों की। बंद कमरे में हुई बैठक में नड्डा ने संगठन का पाठ पढ़ाया तो समाज में स्वीकार्यता बढ़ाने की नसीहत भी दी। कठोरता से पेश आने के बजाय नड्डा ने कोमलता से अपनी बातें पदाधिकारियों के सामने रखी। अनुशासन की सीख भी दी तो एक अभिभावक की तरह न की संगठन के राष्ट्रीय मुखिया की तरह। मप्र के संगठन को लेकर बेहद खुश हुए।
विज्ञापन
2 of 8
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेते राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा
- फोटो : सोशल मीडिया
दरअसल राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का पूरा कार्यक्रम देरी से ही चला। करीब दो घंटे देरी से वे इंदौर पहुंचे थे तो बैठक में भी ढाई घंटे की देरी हुई। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश संगठन प्रभारी मुरलीधर राव से संगठन और सरकार की गतिविधियों को लेकर चर्चा की। मप्र के संगठन की नड्डा ने खूब तारीफ की और बूथ विस्तारक योजना से इतने खुश हुए कि इसे पूरे देश में लागू करने की बात कही गई।
नड्डा को बताया गया कि मप्र में बूथों का डिजिटलाइजेशन हो चुका है। नड्डा ने समर्पण निधि अभियान, कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष की गतिविधियां, सदस्यता अभियान आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव, मंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत मोर्चों के अध्यक्ष सहित लगभग 35 पदाधिकारी शामिल थे। बैठक में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी और बताया कि प्रदेश के करीब 59 हजार बूथों पर बूथ विस्तारक योजना का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। शर्मा ने अगले माह संगठन के एक आयोजन में नड्डा को आमंत्रण दिया तो उन्होंने वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश संगठन की प्रयोगशाला रहा है, यहां जो भी काम होते हैं, दूसरे प्रदेश उसका अनुसरण करते हैं। बूथ विस्तारक योजना को भी संगठन दूसरे प्रदेशों में लागू करेगा। करीब डेढ़ घंटे तक बैठक चली।
विज्ञापन
3 of 8
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में था अपार उत्साह
- फोटो : सोशल मीडिया
सिर्फ वोट न मांगें, जनता के सुख-दुख के सहभागी बनें
बैठक के दौरान नड्डा आगामी समय में होने वाले चुनावों की रणनीति बनाने को लेकर भी गंभीर नजर आए। पदाधिकारियों से कहा कि आगामी वर्षों में होने वाले विधानसभा, लोकसभा व निकाय चुनावों को लेकर काम में जुट जाएं। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार करें। कोरोना के कारण पार्टी की जो गतिविधियां बंद हो गई थीं उन पर फिर से काम शुरू करें। जनता तक पहुंचें।
नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ता समाज में अपनी स्वीकार्यता बढ़ाएं। जनता से केवल वोट मांगने नहीं जाएं। उनके दुख-सुख के सहभागी बनें। उनके संपर्क में रहें, तभी लोग आपसे भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे। जैसे आप भीतर हैं, वैसे आप बाहर दिखने की कोशिश करें। यदि हम खुद को ठीक से नहीं पहचानेंगे तो लोगों से आत्मीयता से नहीं जुड़ पाएंगे। आप खुद के प्रति पारदर्शी रहेंगे, तभी समाज को कुछ दे पाएंगे। उन्होंने कहा कि जब वे उम्मीदवार के रूप में वोट मांगने जाते थे, जो लोग कहते थे कि हम संगठन की विचारधारा से तो प्रभावित हैं, लेकिन आपका व्यक्तित्व भी अच्छा है, इसलिए हम आपको चुनते हैं। हमें अपने व्यक्तित्व से भी संगठन को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
4 of 8
भाजपा कार्यालय को आकर्षक रूप से सजाया गया
- फोटो : सोशल मीडिया
मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष की प्रशंसा
अपने दौरे के दौरान नड्डा मप्र के संगठन व सरकार दोनों के ही कामकाज से काफी खुश नजर आए। यही वजह रही कि उन्होंने सीएम शिवराज और प्रदेशाध्यक्ष शर्मा की जमकर प्रशंसा की। देवास में हुए कार्यक्रम में मंच से ही कई बार सीएम को बधाई दी और कर्मशील-संवेदनशील सीएम बताया। बैठक में भी कहा कि आज मैं देख रहा था कि शिवराज जैसे ही मंच पर चढ़े व उतरे तो जनता मामा-मामा बोल रही थी। जा रहे थे तो दौड़ लगा रही थी। शिवराजजी ने विश्वसनीयता का उदाहरण पेश किया। ये इतनी जल्दी नहीं बनती है। इसके लिए तपस्या करनी पड़ती है। इसी तरह जब प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने बूथ विस्तारक अभियान व समर्पण निधि संग्रह का वृत्त दिया और बताया कि अभियान में बताया कि 65 हजार बूथों पर पार्टी पहुंची है और समर्पण अभियान में 150 करोड़ का लक्ष्य रखा है, जिस पर धन संग्रह हो रहा है। माइक्रो फंडिंग व कमल पुष्प में और काम करने की बात भी बताई। ये सब सुनकर नड्डा ने शर्मा की पीठ थपथपाई। कहा कि मध्य प्रदेश संगठन का प्रदेश है, जहां से कुशाभाऊ ठाकरे ने देश को रास्ता दिखाया।
विज्ञापन
5 of 8
जिस रास्ते से गुजरे नड्डा वहां की सड़कें पट गई फूलों से
- फोटो : सोशल मीडिया
समन्वय बहुत जरूरी है, ये होना ही चाहिए
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने न केवल संगठन की बातें की बल्कि स्वअनुशासन के बारे में भी समझाया। खुद के चरित्र का आकलन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्या सांसद कभी जिला अध्यक्ष के यहां जाते हैं...क्या ये सोचते हैं कि चलो उनके यहां चलते हैं... क्या सरकार के मंत्री कभी प्रदेश के पदाधिकारियों के यहां जाते हैं या प्रदेश के पदाधिकारी किसी विधायक के यहां जाते हैं...। ये समन्वय बहुत जरूरी है। मुझे नहीं पता कि आप लोग ऐसा करते हैं या नहीं, लेकिन ये होना चाहिए। लड़ना है तो कांग्रेस, सपा या विपक्षी दलों से लड़ें। हम सब तो एक परिवार के सदस्य हैं। हम पार्टी के नेता हैं और पब्लिक फेस भी हैं। पोलिंग बूथ पर मन की बात सुनते हैं। देश के प्रधानमंत्री बोल रहे हैं और हम सुन रहे हैं। आपको देखकर बाकी लोग भी देखने लगते हैं। पदाधिकारियों को यह सीख भी दी कि इस फेर में न पड़ें कि आपके कार्यकाल को कोई याद करेगा। आप अच्छा काम करो, जिसकी आत्म संतुष्टि होनी चाहिए।
विज्ञापन
6 of 8
एयरपोर्ट पर सीएम शिवराज ने दी नड्डा को विदाई
- फोटो : सोशल मीडिया
कितने लोग खुद चलाते हैं अपना सोशल मीडिया अकाउंट
सोशल मीडिया को लेकर भी नड्डा गंभीर नजर आए। पार्टी सूत्रों की मानें तो उन्होंने सोशल मीडिया को लेकर काफी कुछ बात की। जो लोग नेताओं के साथ खुद के फोटो सोशल मीडिया पर डालते हैं उसे लेकर कहा कि क्या ये सही है। हमें इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के बड़े नेता क्या ट्वीट कर रहे हैं। उसे री-ट्वीट भी करना चाहिए ताकि पार्टी की बात आप अपने स्तर से भी नीचे तक पहुंचा सके। आपको भी पता रहेगा कि सत्ता-संगठन ने क्या कहा क्योंकि अगर आपको ही पता नहीं है तो जनता को क्या बताओगे। नड्डा ने ये भी पूछा कि कितने लोग हैं, जो सोशल मीडिया अकाउंट को खुद हैंडल करते हैं। अगर आप करते हैं तो अच्छी बात है लेकिन दूसरा करता है तो विषय आपकी नजर से गुजरना चाहिए या आपके कंटेंट होना चाहिए।
विज्ञापन
7 of 8
इंदौर में स्वागत देख अभिभूत हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष
- फोटो : सोशल मीडिया
स्वागत ऐसा कि देखने वाले दंग रह गए
पार्टी की बैठकों से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा भाजपा मप्र संगठन महामंत्री सुहास भगत के निवास पहुंचे। उनकी माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उनके साथ सीएम, प्रदेशाध्य़क्ष व अन्य भाजपा नेता भी थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के स्वागत में भाजपा नेताओं ने खूब उत्साह दिखाया। भाजपा कार्यालय से एयरपोर्ट तक 300 से ज्यादा मंच लगाए गए। बैठक में शामिल होने के बाद नड्डा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के साथ वाहन पर सवार होकर निकले। मधुमिलन चौराहा, रीगल तिराहा, डीआरपी लाइन पर उनका स्वागत हुआ। भाजपा कार्यालय को भी आकर्षक रूप से सजाया गया। सीएम शिवराज का भी खूब स्वागत हुआ। स्वागत से नड्डा भी अभिभूत हो गए। नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने बताया कि इंदौर की स्वागत-सत्कार की परंपरानुसार इंदौर के स्वभावानुसार स्वागत किया। दुनिया के सबसे बड़े दल के सबसे बड़े अध्यक्ष आए थे इसलिए स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी।
भाजपा नगराध्यक्ष के नेतृत्व में हुआ जोरदार स्वागत
- फोटो : सोशल मीडिया
आखिर क्यों नजर नहीं आए विजयवर्गीय
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे को लेकर पूरी भाजपा उत्साह से लबरेज रही लेकिन भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के इस पूरे दौरे में नजर नहीं आने को लेकर बातें भी हुईं। नड्डा के आने से पहले विजयवर्गीय ने बैठक भी ली थी और कहा था कि कोई कमी न रहने पाए, लेकिन जब नड्डा आए तो विजयवर्गीय नजर नहीं आए। इसे लेकर हर किसी के मन में सवाल चलते रहे। कहा यह भी गया कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद से ही विजयवर्गीय की राजनीतिक रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई है और उनकी आक्रामकता में भी कमी आई है। हालांकि इस बारे में किसी की ओर से कोई प्रतिक्रिया तो नहीं आई लेकिन यह सवाल जरूर उठा कि आखिर वजह क्या रही।