हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया लगातार सक्रिय हैं। 21 अगस्त से प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे सिंधिया ने रविवार को बमोरी विधानसभा के कलोरा, तुमडा और बांधा गाँव पहुँचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने आर्थिक सहायता प्रदान की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सिंधिया ने कहा समूचे संसदीय क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा आई। पिछले तीन दिनों से गांव गांव जाकर हालात देखे हैं। शहर की कॉलोनियों का भी साढ़े चार घंटे तक निरीक्षण किया। विकराल स्थिति में पानी गांव और शहर में घुस गया था। एक प्रकोप आकाश से और एक नदियों से आया। दोनों के बीच में मेरी जनता पिस रही थी। अब स्थिति काबू में है। गुना में लगभग सात हजार नागरिकों को मुआवजा राशि दी गई है। हालांकि इससे नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। गुना में चार लोगों की जान भी गई है, उनके परिवारों से मुलाकात की है।