राजधानी भोपाल में 24 और 25 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) का आयोजन होगा। इसका शुभारंभ 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। भोपाल शहर को उद्योगपति और निवेशकों के स्वागत के लिए सजाया जा रहा है। सरकार की तरफ से मेहमानों का स्वागत करने के लिए लिए बेहतर तैयारी की जा रही है। राजधानी की 50 से ज्यादा होटलों में वीवीआईपी और वीवीआई मेहमानों के लिए 1500 कमरे बुक किए गए है। इसके अलावा 100 तंबुओं की टेंट सिटी भी बनाई जा रही है। इसमें होटल जैसी सभी सुविधाएं होगी। जीआईएस का आयोजन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में होगा। इसमें अलग-अलग समिट का आयोजन होगा। विभागीय शिखर सम्मेलन, विषयगत सत्र, मुख्यमंत्री के साथ उद्योगपति और निवेशकों की बैठकों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस समिट में निवेश प्रस्ताव नहीं आएंगे बल्कि सीधे प्रस्तावों पर एमओयू होंगे। दो दिवसीय समिट की गतिविधियां सुबह सात बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। इसको लेकर मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) की तरफ से दो दिन का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है। हालांकि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इसमें संभावनाओं के अनुसार संशोधन किया जा सकता है।