लखनऊ में महिला सुरक्षा के दावे लगातार फेल नजर आ रहे हैं। सोमवार को गाजीपुर में फैशन डिजायनिंग की छात्रा को सरेराह रोककर ब्लेड से 50 कट मारने की घटना का अभी खुलासा भी नहीं हो सका था कि मंगलवार आधी रात को गोमतीनगर के रिवर फ्रंट पर पति के साथ जा रही महिला को बीच सड़क पर रोककर छेड़छाड़ हो गई। शराब के नशे में धुत सेना के रंगरूटों ने महिला को घेरकर छेड़छाड़ व अभद्रता की। उधर से गुजर रहे पर्यटन पुलिस के दरोगा अमरकांत त्यागी महिला को बचाने के लिए नशेबाजों से भिड़ गए। हालांकि, अकेला और निहत्था होने पर नशेबाजों ने उन्हें घेरकर पीटा। दरोगा के बिल्ले नोंच लिए और वर्दी फाड़ दी। किसी तरह उन्होंने वायरलेस सेट से मेसेज भेजकर मदद मांगी, इसके बाद मौके पर पहुंची गोमतीनगर पुलिस ने चार नशेबाजों को दबोच लिया। दरोगा अमरकांत त्यागी और महिला की तरफ से उनके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।