बहराइच जिले में विकास खंड महसी के भगवानपुर से किसानगंज चौराहा स्थित बांध पर बनी पक्की सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है और भगवानपुर चौराहे पर तो ये नाले में तब्दील है। लेकिन लगभग दो वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ी इस सड़क पर कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ। जिसके चलते लगभग 40 गांवों की 20 हजार की आबादी को दुश्वारियां उठानी पड़ रही है। बावजूद इसके इस समस्या की तरफ किसी भी जिम्मेदार का ध्यान नहीं जा रहा है। भगवानपुर से किसानगंज चौराहा स्थित बांध पर चौराहे के पास प्रतिवर्ष बारिश के दौरान पानी भर जाता है। गड्डा होने के चलते पानी भरने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई है और बाकी लगभग पांच किलोमीटर सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं जिससे राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है।। धर्मेंद्र,सोनू, रामकुमार, कमलेश, बृजेश आदि ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस मार्ग से पिपरा, पिपरी, कोलैला, बरोलिया, कोढ़वा, करेहना, मुंसारी,टिकुरी, मुरौवा, लोधौनी, फत्तेपुरवा सहित 40 गांवों के लोग प्रतिदिन गिरते-पड़ते भगवानपुर चौराहे पर आवश्यक वस्तुएं खरीदने के लिए जाते हैं। साथ ही इन गांवों को बहराइच सीतापुर हाईवे से जोड़ने वाला मात्र यही एक पक्का सड़क मार्ग है। इस बारे में अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग बिषद सिंह ने बताया कि इस सड़क के उच्चीकरण व मरम्मत का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। जल्द ही शासन को भेजा जाएगा, शासन से स्वीकृति के बाद मरम्मत कार्य कराया जाएगा।