बीएड टीईटी पास दस हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने गुरुवार को राजधानी में जगह-जगह प्रदर्शन करते हुए विधानभवन का घेराव किया। पुलिस ने लाठी भांज कर उन्हें खदेड़ा। अभ्यर्थी सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार नियुक्ति की मांग कर रहे थे। उन्होंने बाद में चारबाग से लेकर हजरतगंज चौराहे तक हंगामा किया। पुलिस ने फिर उन्हें खदेड़ने के लिए लाठी भांजी। इस दौरान कई अभ्यर्थियों को हल्की चोट आई। हजरतगंज चौराहे पर लाठीचार्ज में एक महिला सड़क पर गिर कर बेहोश हो गई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचा कर प्रदर्शनकारियों को शांत किया। देर शाम बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल व संबंधित अधिकारियों से टीईटी संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों की वार्ता हुई। इसके बाद प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया।
विज्ञापन
2 of 4
टीईटी 2011 संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रदेश के सभी जिलों से सुबह से ही टीईटी अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। उन्होंने चारबाग में एकत्र होकर प्रदेश सरकार से सुप्रीम कोर्ट के 25 जुलाई 2017 के आदेश के तहत नियुक्ति देने की मांग की। उनका कहना था कि 2011 से अब तक बेरोजगार टीईटी अभ्यर्थियों के साथ पिछली सरकार ने सौतेला व्यवहार किया। अब योगी सरकार भी ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने नारेबाजी करते हुए चारबाग से कूच किया। पुलिस ने उन्हें लक्ष्मण मेला मैदान जाने की इजाजत दे दी लेकिन भीड़ ने पहले हुसेनगंज चौराहा और बाद में विधानभवन के सामने हंगामा किया। उन्होंने विधानभवन का घेराव करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रशासन व पुलिस ने अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उनका हंगामा बढ़ता चला गया। आखिरकार पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी।
विज्ञापन
3 of 4
कई अभ्यर्थियों ने भाजपा कार्यालय में घुस कर खुद को बचाया, कुछ पुलिस की लाठी की चपेट में आ गए। फर्रुखाबाद के पंकज यादव, कानपुर के सुनील व अनिल को हल्की चोटें आईं। वहीं हजरतगंज चौराहे तक भगदड़ में फिरोजाबाद की एक महिला अभ्यर्थी अंजू पेट में चोट लगने से सड़क पर गिर कर बेहोश हो गई। महिला साथियों का आरोप है कि उसे पुलिस की लाठी नहीं बल्कि लात लगी है जिससे वह बेहोश हुई है। काफी देर बाद होश में आई अंजू जब खड़ी नहीं हो सकी तो अभ्यर्थी भड़क गए। उन्होंने हजरतगंज चौराहा जाम कर दिया। पुलिस ने अंजू को अस्पताल पहुंचा कर भीड़ का गुस्सा कम किया और उन्हें लक्ष्मण मेला मैदान भेज दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संजीव शर्मा ने बताया कि बीएड टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद भी अब तक नहीं की गई। उन्होंने पिछली सरकार पर आरोप के साथ ही योगी सरकार से भी नाराजगी जताई। कहा, कोर्ट के आदेश का पालन कर सरकार सभी को नियुक्ति दे। लखनऊ की लकी आजाद ने कहा, टीईटी पास अभ्यर्थियों को पिछली सरकार ने इंसाफ नहीं दिया। अब योगी सरकार से भी उम्मीद फीकी दिख रही है।