सरोजनीनगर के रहीमाबाद निवासी दूध कारोबारी गंगासागर यादव (36) की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका खून से लथपथ शव निगोहां के हरिहरपुर पटसा गांव स्थित एक फार्म हाउस के पीछे मिलने से हड़कंप मच गया। शव से कुछ दूर पड़े मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने मृतक की पहचान की। छानबीन में पता चला कि गंगासागर की बाइक उन्नाव के असोहा में एक गड्ढे में पड़ी मिली है। परिवारीजनों का कहना है कि गंगासागर बुधवार रात आठ बजे शटरिंग ठेकेदार विपिन के साथ बाइक से दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर निकला था। परिवारीजनों ने विपिन की भूमिका पर शक जताया है। हालांकि, गंगासागर के पिता श्रीकेशन यादव ने अज्ञात हत्यारे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। क्राइम ब्रांच व निगोहां पुलिस विपिन को तलाश रही हैं।
विज्ञापन
2 of 6
घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती पुलिस
- फोटो : amarujala
वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामफल मिश्रा ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। शव से कुछ ही दूर पर एक बंद मोबाइल फोन पड़ा था। पुलिस ने फोन ऑन किया तो मृतक के साले गंगा प्रसाद की कॉल आ गई। हत्या की जानकारी मिलते ही परिवारीजनों में रोना-पीटना मच गया। गंगासागर के पिता श्रीकेशन यादव, भाई प्रेमसागर व दिलीप, पत्नी शिवकुमारी सहित अन्य परिवारीजन मौके पर आ गए। थाना प्रभारी ने बताया कि गंगासागर की गर्दन के दायीं व बायीं तरफ 20 चाकू के घाव मिले हैं। सिर के बीच में भी तीन चोटें हैं। ऐसा लग रहा है कि हत्यारों की संख्या दो से तीन के बीच होगी।
विज्ञापन
3 of 6
जांच करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : amarujala
शिवकुमारी ने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे वह किसी दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर प्लेटिना बाइक से घर से निकला था। उसके साथ शटरिंग ठेकेदार विपिन भी था। रात करीब नौ बजे शिवकुमारी ने पति को फोन किया तो उसने कहा कि आर्केस्ट्रा में गाने व डांस देख रहा है। घर आने में देर हो जाएगी। शिवकुमारी ने रात करीब 11 बजे फिर पति का मोबाइल नंबर मिलाया लेकिन वह स्विच ऑफ निकला। परिवारीजन रातभर मोबाइल मिलाते रहे, लेकिन फोन बंद था। सुबह जब फोन ऑन हुआ तो उसकी हत्या की खबर पता चली।
4 of 6
जांच करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : amarujala
क्राइम ब्रांच मामले की पड़ताल कर ही रही थी कि उन्नाव के असोहा थाना की पुलिस ने फोन पर संपर्क कर गंगासागर की बाइक लावारिस अवस्था में एक गड्ढे में पड़ी होने की जानकारी दी। क्राइम ब्रांच की टीम ने असोहा जाकर मौका-मुआयना किया। निगोहां पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है। थाना प्रभारी का कहना है कि गंगासागर का शव घर से करीब 15 किलोमीटर दूर मिला है जबकि उसकी बाइक घर से लगभग 20 किलोमीटर दूर विपरीत दिशा में पड़ी पाई गई। हत्यारों ने पुलिस को भ्रम में डालने के लिए बाइक इतनी दूर फेंकी है या इसके पीछे कोई और वजह है? यह पता लगाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार रात आठ बजे से गंगासागर के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल व लोकेशन निकलवाई जा रही है।
विज्ञापन
5 of 6
जांच पड़ताल करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : amarujala
नाजायज संबंधों में हत्या की आशंका
पुलिस गंगासागर की हत्या के पीछे नाजायज संबंध को वजह मानते हुए छानबीन कर रही है। हालांकि, शिवकुमारी ने परिवार में भी झगड़े की बात कही है। उसने पुलिस को बताया कि गंगासागर ने एक मकान खरीदा था जिसे लेकर भाई दिलीप से कुछ तनातनी हो गई थी। दिलीप ने उसे जान से मरवाने की धमकी भी दी थी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। ससुराल के पास ही हुई हत्या
गंगासागर की हत्या उसकी ससुराल के पास ही हुई है। कहीं हत्या में उसके ससुराल से तो कोई संबंध नहीं है? पुलिस इस दिशा में भी छानबीन कर रही है। ससुराल के लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया कि जिस जगह गंगासागर का शव मिला, वहां से पास ही भटपुरा गांव में उसकी ससुराल है।
तीन घंटे बाद पहुंची क्षेत्राधिकारी
हत्या की सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलने के बाद भी क्षेत्राधिकारी मोहनलालगंज बीना सिंह लगभग तीन घंटे बाद घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे फार्म हाउस के चौकीदार शशि कुमार ने हत्या की सूचना दी थी। क्षेत्राधिकारी करीब साढ़े नौ बजे घटनास्थल पहुंची। तीन भाइयों में था सबसे छोटा
गंगासागर ने घर से निकलने से पहले पत्नी शिवकुमारी से कहा था कि कुछ देर में वापस आ जाएगा। उसने पत्नी के साथ ही खाना खाने की बात कही थी। शिवकुमारी उसे बार-बार फोन करती रही, लेकिन वह कुछ देर में आने की बात कहकर टालता रहा। पिता ने बताया कि गंगासागर तीन भाइयों में सबसे छोटा था।