औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर में सोमवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बैंक में रुपये जमा करने जा रहे पोल्ट्री ट्रेडिंग कंपनी के अकाउंटेंट व सुपरवाइजर को गोली मारकर 11 लाख रुपये लूट लिए और असलहे लहराते हुए फरार हो गए।
2 of 8
गोली लगने से अकाउंटेंट की मौके पर मौत हो गई जबकि सुपरवाइजर गंभीर रूप से घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से औद्योगिक क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए कांबिंग की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। डीआईजी और एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
3 of 8
कमरौली थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में बैंकीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी पोल्ट्री, दवा और मुर्गी दाने का व्यवसाय करती है। ट्रेडिंग कंपनी में एकांतिश शर्मा (28) पुत्र सतीश प्रकाश निवासी 117 एन/779 तुलसी नगर, काकादेव, नवीन नगर, जिला कानपुर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। इसी कंपनी में राहुल सिंह (24) पुत्र जयसिंह निवासी बारीसराय ममरेज, जिला इलाहाबाद लाइन सुपरवाइरजर के पद पर कार्यरत हैं।
4 of 8
सोमवार की सुबह एकांतिश व राहुल ट्रेडिंग कंपनी से बैग में 11 लाख रुपये लेकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में जमा करने के लिए निकले थे। बाइक राहुल सिंह चला रहा था जबकि एकांतिश बैग लेकर पीछे बैठा था। वे बैंक शाखा के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने एकांतिश को गोली मार दी। पीठ पर गोली लगने से एकांतिश बाइक से नीचे गिर पड़ा तभी बदमाशों ने राहुल पर भी गोली चला दी। गोली राहुल के पैर में लगी और वह भी बाइक समेत नीचे गिर पड़ा।
5 of 8
दोनों को गोली मारने के बाद बदमाशों ने एकांतिश से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और असलहे लहराते हुए फरार हो गए। लोगों की सूचना पर कमरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से एकांतिश और राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
विज्ञापन
6 of 8
सीएचसी के चिकित्सकों ने एकांतिश को मृत घोषित कर दिया जबकि राहुल की गंभीर हालत देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। एसपी अमेठी अनीस अहमद अंसारी ने सीएचसी पहुंचकर घायल राहुल का बयान लिया। हत्या और लूट की सूचना पाकर डीआईजी फैजाबाद राकेश चंद्र साहू भी मौके पर पहुंचे। (घायल को सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कराते एसपी अमेठी।)
7 of 8
बैंक में मची अफरा-तफरी
औद्योगिक क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के सामने हुई वारदात के बाद बैंक में अफरातफरी का माहौल रहा। बैंक गेट के सामने हुई हत्या से बैंक अधिकारी व खाताधारक सकते में आ गए। बैंक अधिकारी व खाताधारक शाखा के बाहर निकल आए। वहीं, कस्बा क्षेत्र के व्यापारियों में भी दहशत का माहौल रहा।
पुलिस ने कब्जे में ली सीसीटीवी फुटेज
बैंक ऑफ बड़ौदा औद्योगिक क्षेत्र ब्रांच के सामने हुई वारदात के दौरान बैंक का गार्ड शाखा के भीतर था। बैंक के मेन गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को पुलिस अधिकारियों ने बैंक से हासिल कर लिया है। बैंक के शाखा प्रबंधक आलोक वर्मा ने बताया कि बैंक खुलने के समय ही कैमरे चालू कर दिए जाते हैं। शाखा खुलने के करीब आधे घंटे बाद वारदात हुई। सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।