लखनऊ के अमीनाबाद में आए भूकंप के कारण बुधवार को राजाजीपुरम की एक केमिकल फैक्टरी में धमाका हो गया। इससे रसायनों का रिसाव होने लगा और कर्मचारी चीखते हुए भागने लगे। आनन-फानन फैक्टरी सुपरवाइजर ने डीएम से मदद मांगी। रेडिएशन के खतरे को देखते हुए तुरंत सेना की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) व क्विक रिएक्शन मेडिकल टीम (क्यूआरएमटी) ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। दरअसल, यह सब बुधवार को ‘मेडेक्स-2019’ के अंतर्गत उस अभ्यास सत्र का हिस्सा था जिसमें भारतीयों के साथ विदेशी सैन्य चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया।