लखनऊ के इंदिरानगर बाल महिला चिकित्सालय से मां की नजरें ओट होते ही बुधवार दोपहर वार्ड से उसका नवजात बेटा चोरी हो गया। परिवारीजनों का अस्पताल की लापरवाही पर गुस्सा चढ़ा तो अस्पताल का स्टाफ भाग खड़ा हुआ। अस्पताल में इतनी बड़ी घटना हो गई लेकिन सीएमएस डॉ. खुर्शीद जैदी का फोन लगातार स्विच ऑफ रहा। बहरहाल सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को ले जाते हुए नजर आ रही है। पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया लेकिन बच्चे का पता नहीं लगा सकी।
विज्ञापन
2 of 5
इंदिरानगर सी ब्लॉक के अमित चौहान की पत्नी लक्ष्मी चौहान ने मंगलवार को अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। बुधवार करीब 2:30 बजे परिवारीजन व रिश्तेदार लक्ष्मी से मिलने अस्पताल आए थे। परिवारीजनों के जाने के बाद वार्ड में भर्ती चार महिलाओं और उनके तीमारदारों को देखते हुए लक्ष्मी बेखटके से बच्चे को बेड पर छोड़ वॉशरूम चली गई। वह लौटी तो बच्चा बेड से गायब था।
विज्ञापन
3 of 5
वार्ड में भर्ती महिलाओं और उनके तीमारदारों ने बताया कि एक महिला बच्चे को लेकर बाहर की ओर गई है। लक्ष्मी बाहर दौड़ी लेकिन उस महिला का कोई पता नहीं चला। लक्ष्मी ने फोन कर इसकी जानकारी पति अमित को दी। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने हंगामा शुरू किया तो स्टाफ भाग खड़ा हुआ। सूचना पर डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे और पुलिस के साथ अस्पताल में लगे चारों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते रहे।
बीएमसी प्रभारी से मांगेंगे जवाब
इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीएस वाजपेयी का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। इसकी व्यापक जांच की जाएगी। इस संबंध में बीएमसी प्रभारी से भी जवाब तलब किया जाएगा।
रिपोर्ट दर्ज, जांच चल रही है
मामले पर इंस्पेक्टर गाजीपुर थाना का कहना है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को कब्जे में ले लिया गया है। आसपास के मार्केट व बस स्टैंड पर भी पूछताछ की गई। साथ ही महिला से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर सूचित करने को भी कहा गया है।