फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज का योग: सबसे आसान पर अत्यंत प्रभावी है सुखासन योग का अभ्यास, जानिए इससे होने वाले सेहत को लाभ

Sun, 17 Apr 2022 11:20 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
सुखासन योग करने के लाभ - फोटो : iStock
दुनियाभर में तमाम तरह के स्वास्थ्य लाभ के लिए वर्षों से योगासनों का अभ्यास किया जाता रहा है। योगासनों को दैनिक जीवन में शामिल करना मन और शरीर दोनों को ही अनेकों प्रकार से लाभ दे सकता है। पिछले कुछ वर्षों में जिस तरह से लोगों में तनाव और अवसाद जैसे मानसिक विकारों के साथ कई तरह की शारीरिक स्वास्थ्य की समस्याएं बढ़ती हुई देखी गई हैं, ऐसे में नियमित रूप से योगासनों का अभ्यास करना आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। कई योगासनों को शारीरिक और मानसिक क्षमता को बढ़ाने में भी काफी कारगर पाया गया है। 

योग विशेषज्ञ बताते हैं, सुखासन ऐसा ही एक अभ्यास है जिसे हर उम्र के लोग बड़े ही आसानी से करके कई तरह के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। सुखासन योग, शरीर और मन दोनों को शांत करने के साथ कई तरह की बीमारियों के लक्षणों को कम करने में भी आपकी मदद कर सकता है। रोजाना सुखासन करने से मन शांत रहता है, एकाग्रता बढ़ती है, साथ ही यह अवसाद जैसी तेजी से बढ़ती जा रही मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं को कंट्रोल करने में भी आपके लिए विशेष लाभप्रद हो सकता है। आइए सुखासन के तरीके और इससे सेहत को होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 4
रोजाना कीजिए सुखासन योग - फोटो : Pixabay
सुखासन योग कैसे किया जाता है?

सुखासन योग का अभ्यास काफी सरल है जिसे कोई भी कर सकता है। नियमित रूप से इस योगासन की आदत डालकर आप लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इस योग का अभ्यास करने के लिए सबसे पहले दोनों पैरों को क्रॉस करते शांत अवस्था में बैठ जाइए। रीढ़ की हड्डी को सीधा करते हुए कंधों को तानकर रखें। इस अवस्था में लंबी सांस भरें और छोड़ें। शरीर को सीधा रखने पर विशेष ध्यान दें। अपनी क्षमतानुसार रोजाना इस योग का अभ्यास करने की आदत बनाएं।
विज्ञापन

3 of 4
शरीर-मन दोनों के लिए फायदेमंद योग - फोटो : iStock
सुखासन योग के क्या लाभ हैं?
शारीरिक और मानसिक दोनों ही तरह की सेहत के लिए सुखासन योग के नियमित अभ्यास को लाभकारी माना जाता है। पीठ से लेकर कमर और पैरों तक की मांसपेशियों की स्ट्रेचिंग और पूरे शरीर में रक्त के संचार को बेहतर बनाए रखने में इस योग के अभ्यास के लाभ माने जाते हैं।
  • यह आपकी रीढ़ को फैलाने के साथ इससे संबंधित समस्याओं को दूर करता है। 
  • कॉलरबोन और छाती को चौड़ा करता है।
  • दिमाग को शांत करके कई तरह की समस्याओं से राहत दिलाता है।
  • चिंता, तनाव और मानसिक थकान से बचाव करता है।  
  • यह शरीर की मुद्रा में सुधार करने में मदद करता है।
  • पीठ और रीढ़ की मजबूती के लिए इसके लाभ हैं।
  • आपके टखनों और घुटनों के लिए इसे लाभदायक माना जाता है।
विज्ञापन

4 of 4
सुखासन योग की सावधानियां - फोटो : Pixabay
इन बातों का रखें ध्यान

जैसा कि नाम से पता चलता है, सुखासन योग मुद्रा, एक सरल और आरामदायक आसन है, हालांकि इसमें विशेष एकाग्रता की आवश्यकता होती है। जिन व्यक्तियों को पीठ या कमर में दर्द रहता है, उन्हें इसका अभ्यास कम समय के लिए करना चाहिए। इसके अलावा यदि आपके  घुटने में चोट लगी है तो भी इस स्थिति में लंबे समय तक न बैठें। आसन और प्राणायाम करने से पहले हमेशा किसी योग विशेषज्ञ से सलाह लें।
 


-------------------------
नोट:
यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें