फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज का योग: रोज करें ये योगासन, हमेशा रहेंगे स्वस्थ, इम्युनिटी होगी मजबूत

Sun, 12 Sep 2021 01:46 PM IST
धर्मेंद्र सिंह लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 3
रोज करें ये योगासन - फोटो : istock
आज-कल की भागदौड़ भरी जिंदगी में थोड़ा सा समय निकाल कर अगर योग कर लिया जाए, तो कई सारी बीमारियां दूर हो सकती हैं। माना जाता है कि योग  मानव जीवन का एक अहम हिस्सा है। कोरोना काल में योगा का महत्व और भी ज्यादा बढ़ गया है। अपने जीवन में योग को अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। इसके अलावा योग के जरिए इम्युनिटी भी बढ़ाई जा सकती है।  हम आपको स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और इम्युनिटी बढ़ाने वाले योग के बारे में बताते हैं। 

मार्जरी आसन
मार्जरी आसन का नाम शब्द मार्जार से बना है जिसका कि अर्थ बिल्ली होता है। इस आसन में बिल्ली की तरह ही शरीर की मुद्रा बनाते हुए खिंचाव लाना होता है, इसलिए इसे यह नाम दिया गया। मार्जरी आसन करने के लिए घुटनों और हाथ के बल आकर घोड़े जैसी मुद्रा लें। कमर को बाहर की तरफ खींचे। इतना खींचे कि पीठ में खिंचाव आने लगे। सांस लेते हुए सिर को ऊपर की तरफ ले जाएं। ऐसा करने पर आपको छाती में खिंचाव महसूस हो सकता है। अब कमर को थोड़ा ढीला छोड़ें और सिर को छाती की तरफ लाएं। इन दोनों मुद्राओं को लगभग 30 सेकंड के लिए करते रहें। 

सावधानियां
मार्जरी आसन करते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि अचानक कमर को ऊपर की ओर न खींचे। गर्भावस्था में योग प्रशिक्षक की मौजूदगी में ही इसका अभ्यास करें। गर्दन में यदि चोट आई हो तो आसन का अभ्यास न करें। 
विज्ञापन

2 of 3
रोज करें ये योगासन - फोटो : Pixabay
ताड़ासन

ताड़ासन को माउनटेंन पोज भी कहते हैं। ताड़ासन योग प्रशिक्षकों द्वारा करवाए जाने वाले शुरुआती आसनों में से एक है, क्योंकि इसे करना बहुत आसान तो है ही, साथ ही इसके स्वास्थ्य लाभ भी बहुत हैं। ताड़ासन आपके पूरे शरीर को स्ट्रेच करके लचीला तो बनाता ही है, साथ ही यह आपकी लंबाई बढ़ाने में भी मदद करता है। 

सबसे पहले आप सीधे खड़े हो जाएं और पैरों के बीच कुछ दूरी रखें। दोनों हाथों को अपने शरीर के पास में सीधा रखें। गहरी सांस लेते हुए अपनी दोनों बाजुओं को सिर के ऊपर उठाएं और अपनी उंगलियों को आपस में बांध लें। हाथों को सीधा रखें और स्ट्रेच करें। अपनी एड़ी उठाते हुए अपने पैर की उंगलियों पर खड़े हो जाएं। इस दौरान आपके शरीर में पैरों से लेकर हाथों की उंगलियों तक स्ट्रेच महसूस होना चाहिए। शरीर को ऊपर की ओर खींचे। 25- 30 सेकंड तक इसी अवस्था में लंबी गहरी श्वास लेते रहें। 

इन लोगों को नहीं करना चाहिए ताड़ासन 
निम्न रक्तचाप की समस्या से परेशान लोग और गर्भवती महिलाओं को ये आसन नहीं करना चाहिए। बाकी तो ये आसन बहुत आसान होने के साथ ही लाभकारी भी है इसलिए सभी उम्र के लोग इस आसन को कर सकते हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
रोज करें ये योगासन - फोटो : Pixabay
ग्रीवा शक्ति विकासक योगासन
इस योगसन को करने के लिए आपको खड़ा होना होता है। अगर आप खड़े होकर इस आसन को नहीं कर सकते हैं, तो बैठकर भी कर सकते हैं। इसे कुर्सी पर भी बैठकर  कर सकते हैं। आरामदायक स्थिति में खड़े हो जाएं फिर अपने हाथों को कमर पर टिका कर रखें। शरीर को ढीला करें। कंधों को पूरी तरह से आराम दें। सांस छोड़ते रहें और गर्दन को आगे की तरफ धीरे-धीरे लेकर आएं। इसके बाद फिर सांस भरते हुए गर्दन को पीछे की तरफ लेकर जाएं। 

अगर आपको कोई समस्या हो तो आप पहले हेल्थ एक्सपर्ट से सलाह लें। इसके बाद योगासन करें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें