खाने की आदतों की बुनियाद पर लोग दो तरह के होते हैं, शाकाहारी और मांसाहारी, लेकिन आजकल एक नया शब्द काफी चलन में है 'वीगन'। वेगन आहार में पूर्ण रूप से केवल फल और सब्जियां ही शामिल हैं। वीगन डाइट फॉलो करने वाले लोग दूध और दूध से बने उत्पादों का भी सेवन नहीं करते। आज दुनिया भर में वेगन लोगों की अच्छी ख़ासी संख्या है। सेलिब्रिटी के बीच तो वीगन डाइट का चलन कुछ ज्यादा ही है। कहा जाए कि फिल्मी सितारों और दीगर मशहूर हस्तियों ने ही इस आहार को ज्यादा लोकप्रिय बनाया है, तो गलत नहीं होगा।
अमेरिका के बड़े सेलेब्रिटी जैसे, माइली साइरस, वीनस विलियम्स, अरियाना ग्रांड, बियोन्से आदि वीगन आहार की ब्रांड एम्बेसडर कहलाती हैं। इन्हीं की देखा-देखी बॉलीवुड में भी बहुत सी अभिनेत्रियों ने वीगन होने का एलान कर दिया है। इसमें सोनम कपूर, करीना कपूर, मल्लिका शेरावत जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा शाहिद कपूर, आमिर खान, अक्षय कुमार जैसे बड़े अभिनेताओं ने भी ख़ुद के वेगन होने का एलान कर दिया है।