हार्ट अटैक के कारण अचानक होने वाले मौत के मामले पिछले दो वर्षों में अचानक काफी तेजी से बढ़े हैं। आश्चर्यजनक रूप से शादियों में डांस करते हुए, जिम के दौरान, बैठे-बैठे लोगों को दिल का दौरा पड़ रहा है जिससे लोगों की तुरंत मृत्यु हो जा रही है। हृदय रोगों, विशेषतौर पर हार्ट अटैक को उम्र बढ़ने के साथ होने वाली समस्या के तौर पर देखा जाता था, हालांकि 30 से भी कम आयु के लोगों में अब इसका खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को, भले ही आप स्वस्थ हैं, हृदय की सेहत को लेकर गंभीरता से ध्यान देते रहने की आवश्यकता है।
हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को लेकर हुए कुछ शोध में वैज्ञानिकों की टीम ने पाया कि कोरोना महामारी भी इसका एक कारण हो सकती है। जो लोग कोरोना संक्रमण के दौरान गंभीर रोग का शिकार रह चुके हैं, उनमें लॉन्ग कोविड के रूप में हृदय स्वास्थ्य की दिक्कतें अधिक देखी जा रही हैं, ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।