जिस तरह से तेजी से आंखों की बीमारियां बढ़ती जा रही हैं, ऐसे में जरूरी है कि हम सभी कम उम्र से ही इसकी सेहत को लेकर अलर्ट रहें। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आंखें ईश्वर का सबसे खूबसूरत वरदान हैं, हालांकि लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण आंखों से संबंधित कई तरह की बीमारियों का जोखिम बढ़ता जा रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक आंखों की समस्याएं सभी लोगों में देखी जा रही है, अगर इनपर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो इसके गंभीर दुष्प्रभावों का भी खतरा हो सकता है।
दुनिया में बढ़ती दृष्टि हानि की समस्या की रोकथाम, दृष्टि देखभाल और आंखों से संबंधित बीमारियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल अक्तूबर के दूसरे गुरुवार को विश्व दृष्टि दिवस मनाया जाता है।
अध्ययनकर्ताओं ने बताया आंखों को स्वस्थ रखने के लिए आपके आहार का पौष्टिक होना आवश्यक है, इसमें अंगूर खाने को बहुत लाभकारी पाया गया है। अंगूर खाने से बुढ़ापे तक आंखों की रोशनी को तेज बनाए रखने में लाभ मिल सकती है।