भारतीय महिलाओं में जिन स्वास्थ्य समस्याओं के मामले सबसे अधिक देखे जाते रहे हैं, थायराइड भी उनमें से एक है। आंकड़े बताते हैं कि वैश्विक स्तर पर 2-3 फीसदी लोगों में थायराइड की समस्या हो सकती है, वहीं पुरुषों की तुलना में महिलाओं में इसका खतरा 10 गुना तक अधिक होता है। थायराइड मुख्यरूप से दो प्रकार का होता है- पहली स्थिति जिसमें शरीर में थायराइड हार्मोन्स का उत्पादन काफी कम हो जाता है (हाइपोथायराइड्जम) और दूसरी जिसमें उत्पादन सामान्य से अधिक होने लगता है (हाइपरथायराइड्जम)। यह दोनों ही स्थितियां गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जीवनशैली और आहार में गड़बड़ी के कारण थायराइड विकारों का खतरा बढ़ जाता है, यही कारण है कि सभी लोगों को लगातार इन समस्याओं से बचाव करते रहने की सलाह दी जाती है। जिन लोगों में थायराइड विकारों की समस्या का निदान किया जाता है उन्हें अपने खान-पान को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
अकेले खान-पान से ही इन समस्याओं को ठीक नहीं किया जा सकता है, पर लक्षणों को बढ़ने से रोकने में इससे जरूर मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं कि जिन लोगों को थायराइड की समस्या हो उन्हें किन चीजों से बचाव करना चाहिए?