हृदय रोग, दुनियाभर में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक रहे हैं। ब्रिटिश हेल्थ फाउंडेशन की रिपोर्ट के मुताबिक हर 1.5 सेकेंड में एक व्यक्ति की मौत हार्ट अटैक के कारण हो जाती है। वैश्विक स्तर पर, हृदय और संचार रोगों के कारण साल 2019 में अनुमानित 9.8 मिलियन पुरुषों और 9.2 मिलियन महिलाओं की मौत हुई। कोरोना महामारी के बाद हार्ट अटैक और इसके कारण होने वाली मौतों का आंकड़ा और भी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को हृदय को स्वस्थ रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह देते हैं।
ज्यादातर अध्ययनों से पता चलता है कि लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण हृदय रोग और हार्ट अटैक के मामले सबसे अधिक देखे जाते रहे हैं। इसी तरह के एक अन्य अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि शरीर में कुछ विटामिन्स की अधिकता के कारण भी हृदय रोग और हार्ट अटैक की दिक्कत हो सकती है।
नियासिन (विटामिन बी-3) उनमें से एक है, जिसकी अधिकता को हृदय स्वास्थ्य के लिए खतरनाक पाया गया है। अध्ययनकर्ताओं ने बताया, जो लोग नियासिन युक्त विटामिन-बी सप्लीमेंट का अधिक सेवन करते हैं ऐसे लोगों को हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है।