नमक हमारे आहार का जरूरी हिस्सा है, बिना इसके भोजन में स्वाद नहीं आता। लेकिन अगर आपके खान-पान में इसकी मात्रा बढ़ जाए तो यही स्वाद वाली चीज सेहत के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। रोजमर्रा के भोजन में हम जितना नमक इस्तेमाल करते हैं, उसका बड़ा हिस्सा पैकेट वाली चीजों से भी आता है। पैकेट वाले स्नैक्स, प्रोसेस्ड फूड और दूसरी तैयार चीजों के जरिए भी शरीर में काफी सोडियम पहुंच रहा होता है। लंबे समय तक ज्यादा सोडियम लेने से ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा रहता है, जिसका असर दिल की सेहत पर भी पड़ सकता है।
सोडियम शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने में भूमिका निभाता है। लेकिन जरूरत से ज्यादा सोडियम शरीर के लिए नुकसानदेह हो सकता है। यही वजह है कि विशेषज्ञ नमक की मात्रा पर कंट्रोल रखने की सलाह देते हैं।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, सामान्य तौर पर हमारे खानपान में रोजाना सोडियम की मात्रा 2,300 मिलीग्राम से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। जिन लोगों को पहले से हाई ब्लड प्रेशर की दिक्कत है उन्हीं नमक को लेकर और भी सावधानी बरतनी चाहिए।