देश के उद्योग जगत की महान शख्सियत रटन टाटा का बुधवार (9 अक्तूबर) को निधन हो गया, वह 86 साल के थे। टाटा संस की तरफ से जारी बयान के मुताबिक रतन टाटा ने बुधवार रात करीब 11:30 बजे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह ब्लड प्रेशर में गिरावट के कारण होने वाली जटिलताओं से पीड़ित थे। इससे पहले सोमवार की भी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालांकि सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से टीम ने बताया गया था कि वह ठीक हैं और नियमित जांच के लिए अस्पताल गए थे।
कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि रतन टाटा लो ब्लड प्रेशर की समस्या और इसके कारण होने वाली दिक्कतों से परेशान थे, हालांकि टाटा ग्रुप की तरफ से इस बावत (मेडिकल कंडिशन) कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ब्लड प्रेशर की समस्या वैश्विक स्तर पर बढ़ती जा रही है जो पूरे शरीर को प्रभावित करने वाली हो सकती है। ब्लड प्रेशर का बढ़ना और कम होना दोनों ही खतरनाक है। सभी उम्र के लोगों को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच और इसे कंट्रोल में रखने के लिए उपाय करते रहना चाहिए।