नोएडा के सेक्टर-93 ए स्थित सुपरटेक के ट्विन टावरों को कल यानी कि रविवार 28 अगस्त को ढहाया जाएगा। एक अनुमान के मुताबिक सुपरटेक के इन टावरों को ढहाने से 60 हजार टन मलबा निकलने की आशंका है। अधिकारियों का दावा है कि बिल्डिंग्स को सुरक्षित तरीके से ढहाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं, जिससे बिल्डिंग को ढहाने के लिए किए जाने वाले विस्फोट से मलवा इधर-उधर न जाने पाए और आसपास की बिल्डिंगों को नुकसान न हो।
वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य विशेषज्ञों को आशंका है कि बिल्डिगों के ढहने से हवा में धूल का अंबार उठ सकता है, जिसके कारण दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बिल्डिंग्स को ढहाने की प्रक्रिया के दौरान होने वाले प्रदूषण के खतरे से सभी लोगों को विशेष बचाव करते रहने की आवश्यकता है। धूल का अंबार लोगों के घरों में न प्रवेश करने पाए इस बात का खास ख्याल रखा जाना चाहिए। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं- टावरों को ढहाने की प्रक्रिया के दौरान आसपास के सभी लोग अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह से बंद रखें, जिससे धूल या मलवा आपके घर में आने पाए। इससे इनडोर प्रदूषण का जोखिम हो सकता है, जो कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं वाले लोगों के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है।