किडनी, हमारे शरीर के लिए सबसे आवश्यक और महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। शरीर से अपशिष्ट और अतिरिक्त तरल पदार्थ को बाहर निकालने और शरीर की कोशिकाओं द्वारा उत्पादित एसिड को कम करने में इस अंग की विशेष भूमिका होती है। इसके अलावा हमारे रक्त में पानी और खनिजों जैसे सोडियम, कैल्शियम, फास्फोरस और पोटेशियम को संतुलित बनाए रखने में भी किडनी मदद करती है। किडनी में होने वाली किसी भी तरह की समस्या इसके सामान्य कार्यप्रणाली को अवरुद्ध कर सकती है जिसके कारण शरीर में कई प्रकार से विषाक्तता बढ़ने का खतरा रहता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को किडनी की सेहत पर ध्यान देते रहना चाहिए, ऐसे आहार का सेवन करें जो इस अंग को स्वस्थ और बेहतर कार्य करते रहने में मदद कर सके। किडनी को स्वस्थ रखने के लिए भरपूर मात्रा में पानी पीते रहना भी आवश्यक माना जाता है। ध्यान रहे इस अंग में होने वाली किसी भी तरह की समस्या का असर पूरे शरीर को प्रभावित कर सकता है।
आमतौर पर पेशाब की समस्याओं को ही किडनी की बीमारी के लक्षण के तौर पर जाना जाता है पर क्या आप जानते हैं कि किडनी में होने वाली दिक्कतों के संकेत आपकी आंखों और त्वचा पर भी दिख सकते हैं? आइए जानते हैं कि किन लक्षणों के आधार पर किडनी की समस्याओं का पता लगाया जा सकता है?