केरल में निपाह वायरस के कारण पिछले एक महीने में हालात काफी बिगड़ते हुए देखे गए थे, हालांकि हालिया मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्थिति में अब समय के साथ सुधार आ रहा है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शुक्रवार को बताया निपाह के लिए सात और सैंपल टेस्ट के लिए भेजे गए थे हालांकि सभी के रिपोर्ट निगेटिव आए हैं। वर्तमान में, संक्रमितों के संपर्क में आए 981 लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। इसके अलावा नौ वर्षीय लड़के, जिसको गंभीर लक्षणों के कारण आईसीयू में भर्ती कराया गया था उसकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हो रहा है।
संक्रमण की शुरुआत से राज्य में छह लोगों में इसकी पुष्टि की गई थी, जिसमें से दो की मौत हो गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पिछले करीब एक सप्ताह से कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है जो संकेत कि निपाह की स्थिति अब नियंत्रित हो रही है, हालांकि राज्य में सभी लोगों को लगातार सुरक्षात्मक उपायों का पालन करते रहने की सलाह दी जा रही है।
वायरस के कारण होने वाले जोखिमों को अनदेखा करना गंभीर रोगों के जोखिमों को बढ़ाने वाला हो सकता है।