फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़ी राहत: त्वचा कैंसर का इलाज हुआ बेहद आसान, अध्ययन में वैज्ञानिकों ने इन दवाओं को पाया असरदार

Mon, 26 Jul 2021 11:44 AM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
त्वचा कैंसर के इलाज के लिए दवाइयां (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Social media
हाल के दशकों में दुनियाभर में कैंसर, सबसे तेजी से बढ़ने वाली बीमारियों में से एक है। कैंसर कई प्रकार के हो सकते हैं और लगभग सभी प्रकार के कैंसर को घातक माना जाता है। कैंसर का उपचार भी आम बीमारियों की तुलना में काफी महंगा और चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसी समस्या को देखते हुए हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया है कि मेलेनोमा नामक कैंसर के उपचार में कुछ प्रकार की एंटीबायोटिक्स दवाएं काफी फायदेमंद हो सकती हैं। मेलेनोमा, एक प्रकार का त्वचा का कैंसर है। चूहों पर किए गए परीक्षण के आधार पर शोधकर्ताओं ने इस बात की पुष्टि की है।
डॉक्टरों के मुताबिक कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों में मेलेनोमा त्वचा के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। अध्ययन के दौरान विशेषज्ञों ने पाया है कि कुछ प्रकार के एंटीबायोटिक्स दवाएं कैंसर कोशिकाओं को लक्षित कर उन्हें खत्म करने में प्रभावी साबित हो सकती हैं।
आइए आगे की स्लाइडों में जानने की कोशिश करते हैं कि एंटीबायोटिक्स, कैंसर के उपचार में किस तरह से कारगर पाई गई हैं? 
विज्ञापन

2 of 5
त्वचा के कैंसर में एंटीबायोटिक्स दवाओं का उपयोग (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Social media
चूहों पर किए गए अध्ययन में दिखे अच्छे परिणाम
बेल्जियम के केयू ल्यूवेन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किए गए इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने में कुछ प्रकार की एंटीबायोटिक्स दवाओं को असरदार पाया है। जर्नल ऑफ एक्सपेरिमेंटल मेडिसिन में प्रकाशित अध्ययन के निष्कर्ष में कैंसर शोधकर्ता और आरएनए जीवविज्ञानी एलोनोरा लेउची बताते हैं कि अध्ययन के दौरान पाया गया कि एंटीबायोटिक्स दवाएं, कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने में कारगर साबित हो सकती हैं। यह ट्यूमर को भी खत्म करके रोगी के जीवनकाल को बढ़ाने में सहायक हो सकती हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह अध्ययन चूहों पर किए गए शोध पर आधारित हैं इसलिए यह मनुष्यों में कितना प्रभावी होगा, इसे जानने के लिए और अधिक शोध की आवश्यकता है। रोगियों को खुद से किसी भी तरह की एंटीबायोटिक्स दवाओं का सेवन नहीं शुरू करना चाहिए।
विज्ञापन

3 of 5
त्वचा के कैंसर की करिए पहचान - फोटो : pixabay
मेलेनोमा कैंसर के बारे में जानिए
मेलेनोमा कैंसर को डॉक्टर सबसे गंभीर प्रकार के त्वचा कैंसर के रूप में देखते हैं। यह कैंसर मेलानोसाइट्स नामक कोशिकाओं में विकसित होता है जो मेलेनिन उत्पन्न करता है। मेलेनिन त्वचा को रंग प्रदान करता है। यह कैंसर शरीर के किसी भी अंग में विकसित हो सकता है। मेलेनोमा का सटीक कारण स्पष्ट नहीं है, हालांकि माना जाता है कि सूरज की रोशनी वाले पराबैंगनी (यूवी) विकिरण के संपर्क में अधिक रहने या फिर कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों में इस कैंसर के विकसित होने का खतरा अधिक हो सकता है। यूवी विकिरण के अधिक संपर्क से बचकर मेलेनोमा कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है।

4 of 5
किसी भी हिस्से में विकसित हो सकता है कैंसर (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Social media
मेलेनोमा कैंसर के क्या लक्षण हो सकते हैं?
त्वचा का यह कैंसर आपके शरीर में कहीं भी विकसित हो सकता है। यह अक्सर उन हिस्सों में ज्यादा विकसित होते हैं जो सूर्य के संपर्क में अधिक रहते हैं जैसे पीठ, पैर, हाथ और चेहरा। हालांकि यह उन हिस्सों में भी हो सकता है जो धूप से बचे रहते हैं। गहरे रंग की त्वचा वाले लोगों में मेलेनोमा कैंसर का जोखिम अधिक होता है। इस तरह के कैंसर के शिकार लोगों में कई तरह के लक्षण देखे जा सकते हैं।
  • त्वचा में परिवर्तन जैसे कि त्वचा पर असामान्य तरीके का दाग।
  • त्वचा पर घाव जो ठीक न हो रहा हो।
  • त्वचा के किसी हिस्से में घाव जिसमें लंबे समय से दर्द या खुजली की समस्या हो। 
  • त्वचा में गांठ बनना।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
कुछ प्रकार की इलाज प्रक्रियाएं हो सकती है फायदेमंद - फोटो : Social media
मेलेनोमा कैंसर का इलाज कैसे किया जाता है?
डॉक्टरों के मुताबिक मेलेनोमा की स्थिति के आधार पर इसका इलाज किया जाता है। यदि मेलेनोमा पास के लिम्फ नोड्स में फैल गया है, तो सर्जन प्रभावित नोड्स को हटा सकते है। सर्जरी से पहले या बाद में अतिरिक्त उपचार की भी आवश्यकता हो सकती है। कुछ रोगियों को इम्यूनोथेरपी या रेडिएशन थेरपी के उपचार की भी आवश्यकता हो सकती है। कैंसर की कोशिकाओं को नष्ट करने के लिए कीमोथेरेपी दवाओं का उपयोग भी किया जा सकता है। हालिया अध्ययनों में कुछ प्रकार की एंटीबायोटिक्स दवाओं को प्रभावी बताया जा रहा है, हालांकि इनकी प्रमाणिकता के लिए अभी और अधिक अध्ययन की आवश्यकता है।


------------
स्रोत और संदर्भ: 
Activation of the integrated stress response confers vulnerability to mitoribosome-targeting antibiotics in melanoma

अस्वीकरण नोट: यह लेख बेल्जियम के केयू ल्यूवेन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किए गए अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है। इस अध्ययन का निष्कर्ष जर्नल ऑफ एक्सपेरिमेंटल मेडिसिन में प्रकाशित हुआ है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। संबंधित विषय के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए अपने चिकित्सक से सलाह लें। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें