पिछले दो साल से अधिक समय से दुनियाभर के लिए बड़ी मुसीबत का कारण बने कोरोना संक्रमण ने लोगों की सेहत को कई प्रकार से प्रभावित किया है। सिरदर्द और जुकाम से लेकर फेफड़ों और पाचन की समस्याओं तक, अलग-अलग वैरिएंट्स के कारण लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। कोरोनावायरस को मुख्यरूप से श्वसनतंत्र को लक्षित करने वाला माना जाता रहा है, ऐसे में इसके अबतक सभी वैरिएंट्स के कारण लोगों में सर्दी-खांसी जैसी दिक्कतें देखने को मिलती रही हैं। इसके अलावा डेल्टा और ओमिक्रॉन जैसे वैरिएंट्स से संक्रमितों में सिरदर्द, भ्रम और कई तरह के अन्य न्यूरोलॉजिकल लक्षण भी देखे गए हैं।
कोविड-19 संक्रमण के दौरान, यह रोग मस्तिष्क को कैसे लक्षित करता है, इस बारे में अध्ययन कर रही वैज्ञानिकों की एक टीम ने हालिया अध्ययन में इसका पता लगाने की कोशिश की। अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि कोरोनावायरस मस्तिष्क में रक्त और ऑक्सीजन के प्रवाह को अवरुद्ध करने के साथ मस्तिष्क की गंभीर सूजन और गंभीर चोट जैसी स्थिति पैदा कर सकता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक कोविड-19 संक्रमितों में न्यूरोलॉजिकल लक्षणों को गंभीरता से लिए जाने की आवश्यकता है। आइए इस अध्ययन के बारे में आगे विस्तार से जानते हैं।