केरल में निपाह वायरस का बढ़ता संक्रमण स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है। अब तक यहां 6 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की जा चुकी है, एक हजार से अधिक निकट संपर्क में आए लोगों की स्थिति पर गंभीरता से नजर रखी जा रही है। कोझिकोड जिले से शुरू हुआ संक्रमण अब 30 से अधिक शहरों में बढ़ गया है। राज्य में बिगड़ते हालात को देखते हुए पड़ोसी राज्यों में को भी अलर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सभी से अपील की है कि प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल अनावश्यक यात्रा करने से बचें और इस वायरल संक्रमण से बचाव के लिए प्रयास करते रहें।
निपाह वायरस के संक्रमण के कारण मृत्युदर 40-70 फीसदी के बीच देखा जा रहा है, जिसके कारण स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता और भी बढ़ गई है। इस वायरल संक्रमण को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल हैं। क्या यह कोरोना जितना ही खतरनाक है, क्या इसका प्रसार भी कोविड की ही तरह एक व्यक्ति से दूसरे में तेजी से फैलता है? और किन लोगों में इस रोग का खतरा अधिक हो सकता है, आइए इस बारे में आगे विस्तार से समझते हैं।