गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए अगर आप भी कोल्ड ड्रिंक जैसे मीठे पेय का सेवन करते हैं तो सावधान हो जाइए। जाने-अनजाने कोल्ड ड्रिंक की हर बोतल के साथ आपके शरीर में अधिक मात्रा में चीनी पहुंच रही होती है। इतनी चीनी जो न सिर्फ कुछ दिनों में आपमें मोटापे के जोखिमों को बढ़ा देती है, साथ ही टाइप-2 डायबिटीज, हृदय रोग और लिवर में फैट जमा होने जैसी गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकती है।
मीठे पेय, स्पोर्ट्स ड्रिंक्स पीने को लेकर हाल में हुए कई अध्ययनों में लोगों को सावधान किया जाता रहा है। अमर उजाला में हाल ही में
प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया था कि अगर आप हफ्ते में दो बार भी कोल्ड ड्रिंक्स पीते हैं तो इससे 50% तक हृदय रोगों का खतरा बढ़ सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स बताते हैं कि देश में बिकने वाले ज्यादातर कोल्ड-स्पोर्ट्स ड्रिंक्स में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा तय मात्रा से चार-पांच गुना ज्यादा चीनी हो सकती है जबकि चीनी के अलावा हर बोतल में फास्फोरिक एसिड और कैफीन भी होती है, जिसकी अधिकता आपको बीमार, बहुत बीमार कर सकती है।
तो अगली बार कोल्ड ड्रिंक पीने से पहले सेहत के बारे में जरूर सोच लीजिएगा।