कैंसर वैश्विक स्तर पर मृत्य के प्रमुख कारणों में से एक है, हर साल लाखों लोगों की मौत अलग-अलग प्रकार के कैंसर के कारण हो जाती है। हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने कैंसर से होने वाली मौत के संभावित कारणों के बारे में जानने की कोशिश की। शोधकर्ताओं ने इसके लिए जिन तीन कारणों को प्रमुख रूप से रेखांकित किया है, भारत की बड़ी आबादी में यह समस्याएं अधिक देखी जाती रही हैं।
द लैंसेट जर्नल में प्रकाशित इस शोध में विशेषज्ञों ने बताया कि धूम्रपान, शराब का सेवन और हाई बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) वाले लोगों में कैंसर से संबंधित मौत का खतरा अधिक होता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि अगर वैश्विक स्तर कैंसर के बढ़ती मृत्युदर को नियंत्रित करना है कि इन तीनों कारकों को लेकर लोगों को विशेष रूप से सचेत करने की आवश्यकता है।
2019 ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज, इंजरीज एंड रिस्क फैक्टर्स (जीबीडी) अध्ययन के आंकड़ों का विश्लेषण करने के बाद शोधकर्ता इस निष्कर्ष पर पहुंचे। इसमें कैंसर के तमाम प्रकारों और इसके मृत्यु से संबंधित जोखिम कारकों का अध्ययन किया गया। अध्ययनकर्ताओं ने बताया कि कैंसर से संबंधित मौत के आंकड़ों को बढ़ाने में दुनियाभर में धूम्रपान, शराब का सेवन और हाई बीएमआई को प्रमुख कारक के तौर पर देखा गया है। आंकड़े बताते हैं कि साल 2019 में दुनियाभर में कैंसर से होने वाली मौतों के करीब 44.4 प्रतिशत मामलों में रोगियों में इन तीनों की प्रमुख भूमिका देखी है। अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि सभी लोगों को इसको लेकर विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है।