कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए दुनियाभर के तमाम स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों के लिए वैक्सीन की बूस्टर डोज की जरूरतों को लेकर आगाह कर रहे हैं। कुछ देशों ने नागरिकों को बूस्टर डोज देने की शुरुआत भी कर दी है। हालांकि भारत सहित कई देशों में अब भी सभी लोगों का टीकाकरण होना शेष है। इन सब के बीच इज़राइल ने अपने नागरिकों को वैक्सीन की चौथी डोज देने की तैयारियां शुरू कर दी है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में संभवत: बूस्टर डोज के दूसरे खुराक की भी आवश्यकता हो सकती है, इसी को ध्यान में रखते हुए हमने वैक्सीन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, जरूरत पड़ने पर लोगों को चौथी डोज दी जा सकती है।
एक और जहां दुनिया के कई देशों में लोगों को वैक्सीन की पहली डोज भी नहीं मिल सकी है, वहीं इजराइल में अबतक 2.8 मिलियन (28 लाख) लोगों को वैक्सीन के बूस्टर डोज के रूप में तीसरी खुराक दी जा चुकी है। गौरतलब है कि इजराइल जैसे देशों के लिए वैक्सीनेशन का कार्य इतना आसान इसलिए भी है क्योंकि वहां की जनसंख्या फिलहाल (90.5 लाख, साल 2019 के आंकड़ों के अनुसार) ही है। भारत के संदर्भ में बात करें तो यहां अब तक 73.82 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक डोज मिल चुकी है।