फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सलाह: आहार में शामिल कीजिए आयरन से भरपूर यह पांच खाद्य पदार्थ, खून और इम्यूनिटी दोनों बढ़ेगी

Sat, 03 Jul 2021 04:00 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
Medically reviewed by-
अर्चना सेठी
(आहार और पोषण विशेषज्ञ)
लखनऊ


दुनियाभर में कोविड-19 के प्रकोप के बाद से लोगों के लिए प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देना सर्वोच्च प्राथमिकता बन गई है। कोरोना के बाद से लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हो गए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर की प्रतिरक्षा को बेहतर बनाने के लिए स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन करना बहुत महत्वपूर्ण है। सभी लोगों को अपने दैनिक आहार में ऐसी चीजों को शामिल करना चाहिए जो शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति कर सकें। आयरन ऐसा ही एक महत्वपूर्ण खनिज है जो शरीर के लिए कई तरह से अत्यंत आवश्यक माना जाता है। आयरन लाल रक्त कोशिकाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है जो पूरे शरीर में ऑक्सीजन संचार करने के लिए आवश्यक होता है। शरीर के लिए यह एक आवश्यक पोषक तत्व है, स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे भोजन से प्राप्त करने की सलाह देते हैं। 
विशेषज्ञों के मुताबिक 18 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों के लिए प्रति दिन 8.7 मिलीग्राम जबकि 19-50 वर्ष की आयु की महिलाओं के लिए प्रति दिन 14.8 मिलीग्राम आयरन की आवश्यकता होती है। आयरन एक ओर जहां शरीर को स्वस्थ रखने के साथ प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देने के लिए जरूरी माना जाता है, वहीं इसकी कमी के कारण एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी हो सकती है। सौभाग्य से हमारे भोजन में कई ऐसे विकल्प मौजूद हैं जिनसे आयरन के रोजाना की आवश्यकताओं को आसानी से पूरा किया जा सकता है। आइए ऐसे ही कुछ खाद्य पदार्थों के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 6
पालक के फायदे आयरन बढ़ाने में - फोटो : Pixabay
पालक है आयरन से भरपूर
पालक को आयरन के सबसे अच्छे और आसानी से उपलब्ध स्रोत के रूप में जाना जाता है। लगभग 100 ग्राम पालक में 2.7 मिलीग्राम आयरन होता है, इससे दैनिक आवश्यकताओं की 15 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। पालक को कैरोटेनॉयड्स नामक एंटीऑक्सीडेंट से भी भरपूर माना जाता होता है जो शरीर में कैंसर के खतरे को कम कर सकता है। इसके अलावा सूजन और आंखों को बीमारियों को कम करने के साथ पालक का सेवन शरीर में खून की मात्रा को बढ़ाने में बेहद फायदेमंद माना जाता है।
विज्ञापन

3 of 6
मीट है आयरन का स्रोत - फोटो : Pixabay
रेड मीट आयरन का मुख्य स्रोत
मांसाहार का सेवन करने वाले लोगों के लिए रेड मीट कई मामलों में बेहद लाभकारी हो सकता है। आयरन के साथ इसे कई तरह के प्रोटीन और विटामिन्स से भी भरपूर माना जाता है। रेड मीट की करीब 100 की मात्रा में 2.7 मिलीग्राम आयरन होता है, इससे दैनिक आवश्यकताओं की 15 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। इसके अलावा रेड मीट को प्रोटीन, कॉपर, सेलेनियम और कई प्रकार के विटामिन-बी से भी समृद्ध माना जाता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक जो लोग नियमित रूप से मांस, मुर्गी और मछली खाते हैं उनमें आयरन की कमी होने की आशंका कम हो सकती है।

4 of 6
ब्रोकली का करें सेवन - फोटो : Pixabay
ब्रोकली है तमाम फायदों से भरपूर
ब्रोकली के फायदों से लोग अक्सर अनजान रह जाते हैं। 1 कप (करीब 156-ग्राम) पकी हुई ब्रोकली में 1 मिलीग्राम तक आयरन हो सकता है, इससे दैनिक आवश्यकताओं की 6 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। ब्रोकली के सेवन से विटामिन सी की दैनिक आवश्यकताओं की 112 फीसदी मात्रा की पूर्ति की जा सकती है। विटामिन सी, शरीर को आयरन के बेहतर अवशोषण में मदद करती है। इसके अलावा ब्रोकली से फाइबर और विटामिन भी आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
विज्ञापन

5 of 6
मछली खाने के फायदे (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
मछली के सेवन के अनेकों लाभ
विशेषज्ञ मछली को अत्यधिक पौष्टिक आहार मानते हैं। ट्यूना जैसी कुछ किस्मों की मछलियों में आयरन की मात्रा अधिक होती है। 85-ग्राम ट्यूना मछली में लगभग 1.4 मिलीग्राम आयरन होता है, इससे दैनिक आवश्यकताओं की 8 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। मछलियों को ओमेगा -3 फैटी एसिड से भी भरपूर माना जाता है, जो हृदय को स्वस्थ रखने के साथ इम्यूनिटी को बढ़ाने के लिए बेहद फायदेमंद होता है। मछलियों में नियासिन, सेलेनियम और विटामिन बी सहित कई अन्य आवश्यक पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
फायदेमंद है डार्क चॉकलेट का सेवन - फोटो : istock
डार्क चॉकलेट
डार्क चॉकलेट शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद हो सकते हैं। मूड को ठीक रखने के साथ आयरन की पूर्ति में भी इसे काफी उपयोगी माना जाता है। 28-ग्राम डार्क चॉकलेट में 3.4 मिलीग्राम आयरन होता है, इससे दैनिक आवश्यकताओं की 19 फीसदी की पूर्ति की जा सकती है। डार्क चॉकलेट के सामान्य आकार के पैकिंग से दैनिक आवश्यकताओं में कॉपर का 56 फीसदी जबकि मैग्नीशियम की 15 फीसदी मात्रा प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा डार्क चॉकलेट में प्रीबायोटिक फाइबर होता है, जो पेट में अनुकूल बैक्टीरिया को पोषण देता है। एक अध्ययन में पाया गया कि कोको पाउडर और डार्क चॉकलेट में बेरी और ब्लूबेरी से बने पाउडर और जूस की तुलना में अधिक एंटीऑक्सीडेंट की उपस्थिति हो सकती है।

--------------------
नोट: यह लेख आहार और पोषण विशेषज्ञ अर्चना सेठी के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। अर्चना, लखनऊ की जानी-मानी पोषण विशेषज्ञ हैं।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें