फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सलाह: रात में भूलकर भी नहीं खानी-पीनी चाहिए यह चीजें, नींद और सेहत दोनों के लिए है नुकसानदायक

Wed, 28 Jul 2021 06:18 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
रात में क्या नहीं खाना चाहिए (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Social media
कोरोना संक्रमण ने लोगों के स्वास्थ्य को कई तरह से प्रभावित किया है। लॉन्ग कोविड के रूप में लोगों में कई तरह की गंभीर समस्याएं देखने को मिल रही हैं। हृदय और फेफड़ों को क्षति पहुंचाने के साथ कोरोना के चलते लोगों की नींद पर भी प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिल रहा है। कई अध्ययनों में स्पष्ट हो चुका है कि कोरोना के चलते संक्रमित और गैर संक्रमित, दोनों ही तरह के लोगों को नींद से संबंधित कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अनिद्रा और नींद से संबंधित अन्य तरह की समस्याओं से परेशान लोगों को जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए, क्योंकि यह समस्या दीर्घकालिक रूप से शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है।
आहार और पोषण विशेषज्ञों की मानें तो हमारे भोजन का भी नींद की गुणवत्ता पर प्रभाव पड़ता है। कई चीजें ऐसी हैं जिनका सेवन आपको अच्छी नींद लाने में मदद कर सकता है, जबकि कुछ चीजों का रात में सेवन नींद के साथ-साथ शरीर के लिए अन्य कई प्रकार से भी नुकसानदायक हो सकता है।
आइए आगे की स्लाइडों में ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में जानते हैं जिनका रात में सेवन करना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
विज्ञापन

2 of 5
रात में न खाएं ज्यादा तली-भुनी चीजें (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : social media
भारी या मसालेदार भोजन
आहार विशेषज्ञों के मुताबिक वसायुक्त और तले हुए खाद्य पदार्थ, भारी भोजन की श्रेणी में आते हैं, पेट के लिए इनका पाचन कर पाना काफी कठिन होता है। यही कारण है कि रात के समय में स्वास्थ्य विशेषज्ञ भारी या मसालेदार भोजन न करने की सलाह देते हैं। रात में ज्यादा मसालेदार भोजन करने से अपच और सीने में जलन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा विशेषज्ञों का कहना है कि मसाले में मौजूद कई तरह के रसायन इंद्रियों को जगा देते हैं, जिसकी आपको नींद लेने में कठिनाई हो सकती है। 
विज्ञापन

3 of 5
रात में न खाएं ज्यादा कैफीन युक्त चीजें (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : pexels.com
कैफीन युक्त खाद्य-पेय पदार्थ
आहार विशेषज्ञों की मानें तो रात के समय में उन सभी चीजों से बचना चाहिए जिनमें कैफीन की मात्रा अधिक हो सकती है। कई खाद्य पदार्थों में कैफीन हो सकता है, जिसके बारे में आपको अक्सर पता भी नहीं होता है, इसकी जांच के लिए संबंधित खाद्य पदार्थ के पोषण लेबल को चेक कर लें। चाय और सोडा में कैफीन होता है, इसके आलावा कुछ आइसक्रीम और डेसर्ट के साथ  कॉफी और चॉकलेट में भी कैफीन की मात्रा अधिक होती है। नींद की समस्याओं से बचे रहने के लिए रात के समय इन चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। 

4 of 5
शराब से करें परहेज - फोटो : Pixabay
शराब और धूम्रपान
रात में सोने से पहले शराब का सेवन न करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इससे पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ता है और साथ ही नींद की समस्या भी हो सकती है। अक्सर कई लोगों की आदत होती है कि वे रात के समय अधिक मात्रा में शराब पी लेते हैं, लेकिन विशेषज्ञ कहते हैं कि शराब का अधिक सेवन आपकी प्रतिरोधी क्षमता को कमजोर कर सकता है। इसलिए इससे बचें। इसी तरह से धूम्रपान या तंबाकू युक्त चीजें भी नींद के साथ सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं, रात में इनसे सेवन का बचने का प्रयास करना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
रात में केले न खाएं - फोटो : iStock
रात में न खाएं केला 
केले को प्राकृतिक ऊर्जा का स्रोत माना जाता है, क्योंकि यह विटामिन और पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसे पेट के लिए भी फायदेमंद माना जाता है, लेकिन ध्यान रहे कि रात में सोने से पहले केले का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे बलगम का निर्माण हो सकता है और साथ ही अपच की भी समस्या हो सकती है। यही कारण है कि रात के वक्त केले का सेवन न करने की सलाह दी जाती है। 


------------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला के  हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें