आपने अब तक तमाम अध्ययनों में पढ़ा होगा, कॉफी के ज्यादा सेवन से शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकते हैं। कुछ अध्ययनों में दावा किया जा रहा है कि ज्यादा कॉफी पीने वालों को अनिद्रा, डेमेंशिया और यहां तक कि बांझपन तक की भी समस्या हो सकती है। पर क्या वास्तव में कॉफी इतनी नुकसानदायक है? इस बारे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों के एक समूह का जवाब है- नहीं। कॉफी नुकसानदायक नहीं सेहत के लिए कई मायनों में फायदेमंद भी हो सकती है। हाल ही में किए गए ऐसे ही एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने कॉफी पीने के तमाम फायदों के बारे में बताया है।
यूरोपियन सोसाइटी ऑफ कार्डियोलॉजी की वार्षिक बैठक में प्रस्तुत किए गए एक अध्ययन की रिपोर्ट में अध्ययनकर्ताओं ने बताया है कि अगर सीमित मात्रा में कॉफी पिया जाए तो इससे कई तरह के लाभ हो सकते हैं। सीमित मात्रा में कॉफी का मतलब दिन में तीन कप तक से है। अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि कॉफी का सेवन हृदय रोग के कारण युवाओं के मृत्यु के खतरे को 12 फीसदी तक कम कर सकती है। इतना ही नहीं इसे टाइप-2 डायबिटीज जैसे गंभीर रोगों में भी काफी लाभदायक बताया गया है। आइए आगे की स्लाइडों में अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं, साथ ही जानते हैं कि कॉफी का सेवन किन स्थितियों में लाभदायक हो सकता है?