कोरोना वायरस को दुनिया में आए डेढ़ साल हो चुके हैं और इस दौरान वायरस में कई सारे बदलाव देखे जा चुके हैं और इसके लक्षणों में भी इजाफा होता जा रहा है। फिलहाल बुखार, खांसी, थकान और स्वाद- गंध के अहसास में कमी, कोरोना के मुख्य लक्षण माने जाते हैं। हालांकि त्वचा में भी कोरोना के लक्षण देखे गए हैं। इसके अलावा शरीर का एक और अंग है, जहां वायरस का प्रभाव पड़ता है और उससे जुड़े लक्षण देखने को मिलते हैं और वो है नाखून। दरअसल, कोरोना संक्रमित कुछ मरीजों के नाखूनों का रंग फीका पड़ जाता है और कई हफ्ते बाद उनका आकार भी बदलने लगता है, जिसे 'कोविड नाखून' कहा जाता है। हालांकि नाखूनों से जुड़े कोरोना के लक्षण के मामले बहुत कम सामने आए हैं, लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आइए जानते हैं नाखूनों में आ रहे किस बदलाव से आप जान सकते हैं कि आपको कोरोना है या नहीं?