दुनियाभर में अब तक करोड़ों लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है, जिनमें स्तनपान कराने वाली महिलाएं भी शामिल हैं। हालांकि इसको लेकर लगातार रिसर्च भी चल भी रहे हैं। अब एक नए अध्ययन में यह पाया गया है कि फाइजर या मॉडर्ना की वैक्सीन लगवाने के बाद स्तनपान कराने वाली माताओं में एक समान और सामान्य दुष्प्रभाव देखने को मिले और वो भी ऐसे दुष्प्रभाव, जो पहले गैर-स्तनपान कराने वाली महिलाओं में रिपोर्ट किए गए थे, जबकि टीकाकरण के बाद उनके शिशुओं में कोई भी प्रतिकूल घटना देखने को नहीं मिली। ब्रेस्टफीडिंग मेडिसिन नामक पत्रिका में प्रकाशित इस शोध में 180 स्तनपान कराने वाली महिलाओं को शामिल किया गया था, जिन्हें फाइजर-बायोएनटेक या मॉडर्ना वैक्सीन की दोनों खुराकें दी गई थीं। इनमें से 85 फीसदी महिलाओं में वैक्सीन लेने के बाद अस्थायी लक्षण देखने को मिले, जिसमें इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द, लालिमा, सूजन या खुजली, ठंड लगना, बुखार, मांसपेशियों या शरीर में दर्द और उल्टी आदि शामिल हैं।