कोरोना महामारी को खत्म करने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। देश में अब तक 74 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड रोधी टीका भी लगाया जा चुका है, लेकिन संक्रमण के बढ़ते-घटते मामलों को देख कर ऐसा लगता नहीं है कि यह महामारी इतनी जल्दी खत्म होने वाली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, फिलहाल देश में कोरोना से स्वस्थ होने की दर 97.51 फीसदी है। अब तक तीन करोड़ 24 लाख से अधिक रोगी संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। हालांकि समस्या तो इसके बाद भी बनी हुई है। दरअसल, कोरोना से ठीक हो चुके लोगों में भी कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। इनमें कुछ सामान्य हैं तो कुछ बेहद ही गंभीर, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लोगों में दिल और फेफड़ों संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में आइए विशेषज्ञ से जानते हैं कि कोरोना से ठीक होने वाले लोग आखिर कैसे जानें कि उनके दिल या फेफड़े में कोई समस्या नहीं है?