खिली हुई महकती पत्तियों वाला हरा धनिया। कभी सब्जी वाले से फ्री में लेने की जुगत तो कभी घर के गमले में लगे कुछ डंठलों की चाहत। कहने को हरा धनिया सिर्फ सब्जी, सलाद या नाश्ते पर गार्निशिंग करने के लिए या बहुत हुआ तो हरी चटनी बनाने के लिए खरीदा जाता हो, लेकिन असल में इन खुशबूदार पत्तियों की उपयोगिता इससे कहीं ज्यादा है। हरे धनिये की ये पत्तियां कई सारे पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। और केवल पत्तियां ही नहीं धनिये के डंठल में भी कई सारे गुण समाए होते हैं। इसलिए भारतीय भोजन में सालों से इसका उपयोग किया जा रहा है। जानिए कितने गुण हैं धनिये के...
- हरे धनिये का काम भोजन का फ्लेवर बढ़ाना तो होता ही है, इसके साथ ही यह भोजन को पौष्टिक बनाने में भी मदद करता है। कई देशों में इस हरी पत्ती वाले पौधे को सिलान्त्रो के नाम से भी पहचाना जाता है।
- हरी पत्तियों के अलावा धनिये के सूखे बीजों को साबुत या पावडर रूप में भी भोजन पकाने के मसाले के तौर पर प्रयोग में लाया जाता है।