फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना संक्रमितों को जल्दी ठीक होने में मदद करती है रेमडेसिविर, जानें क्या है अपडेट

Thu, 14 May 2020 09:09 PM IST
निलेश कुमार बीबीसी हिंदी
विज्ञापन
1 of 5
रेमडेसिविर दवा(प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Social Media
अमेरिका की एक दवा बनाने वाली कंपनी ने कोविड रोगियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवा रेमडेसिविर की आपूर्ति बढ़ाने के लिए भारत और पाकिस्तान की दवा कंपनियों के साथ समझौता किया है। अमेरिकी फार्मास्युटिकल कंपनी गिलीएड ने भारत और पाकिस्तान की पांच दवा कंपनियों के साथ समझौता किया है जिससे वो 127 देशों में इस दवा को उपलब्ध करा सकेंगी।

रेमडेसिवर पर दुनिया के कई देशों में क्लीनिकल ट्रायल हुए जिनमें पाया गया कि इस दवा के इस्तेमाल से रोगियों के ठीक होने का समय 15 दिन से घटकर 11 दिन हो जाता है। ये दवा वायरस के जीनोम पर असर करती है जिससे उसके बढ़ने की क्षमता पर असर पड़ता है। कैलिफोर्निया स्थित अमेरिकी कंपनी गिलीएड ने ये दवा इबोला बीमारी के लिए बनाई थी।
विज्ञापन

2 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Twitter
गिलीएड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अभी कंपनी ने जिन कंपनियों के साथ समझौता किया है उसके तहत इन पाँचों कंपनियों को गिलीएड से इस दवा को बनाने की टेक्नोलॉजी मिलेगी जिससे वो दवा का उत्पादन जल्दी कर सकेंगे। बयान के अनुसार इस लाइसेंस के लिए कंपनी तब तक रॉयल्टी नहीं लेगी जब तक कि विश्व स्वास्थ्य संगठन कोविड-19 को लेकर घोषित आपातकाल को वापस नहीं हटा लेता, या इस बीमारी की कोई नई दवा या वैक्सीन को नहीं बना लिया जाता।
  • भारत की जिन चार कंपनियों के साथ समझौता किया गया है वो हैं– सिप्ला लिमिटेड, हेटेरो लैब्स लिमिटेड, ज्यूबिलेंट लाइफसाइंसेज और माइलन।
  • पाकिस्तान की कंपनी का नाम है– फिरोजसन्स लेबोरेट्रीज।
विज्ञापन

3 of 5
शोध (फाइल फोटो)
हैदराबाद स्थित निजी कंपनी हेटेरो लैब्स के महाप्रबंधक वाम्सी कृष्णा बांदी ने बीबीसी से कहा कि अभी ये कहना मुश्किल है कि दवा की कीमत क्या होगी और इसका उत्पादन कब शुरू होगा। उन्होंने कहा, ”स्थिति जून में और स्पष्ट होगी। हमारा अनुमान है कि इस दवा का सरकारी संस्थानों के जरिए नियंत्रित इस्तेमाल होगा। हमारा मुख्य उद्देश्य है कि भारत अगर इसका इस्तेमाल करता है तो वो इसे बनाने को लेकर आत्मनिर्भर हो जाए।“

एक अरब डॉलर के कारोबार वाली ये कंपनी दुनिया की सबसे बड़ी एंटी-रेट्रोवायरल दवा बनाने वाली कंपनियों में आती है, जो एचआईवी-एड्स के 50 लाख रोगियों को दवा उपलब्ध कराती है। हेटेरो लैब्स दुनियाभर में अपने 36 कारखानों में लगभग 300 तरह की दवाएं बनाती है। फिलहाल भारत में वैज्ञानिकों और दवा नियंत्रकों को ये तय करना है कि वे इस दवा का इस्तेमाल कैसे करेंगे। 

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक रमन गंगाखेडकर ने कहा है कि वो इस दवा के इस्तेमाल के बारे में विचार करेंगे यदि भारतीय दवा कंपनियां इन्हें बना सकें। उन्होंने कहा, “प्रारंभिक आंकड़ों से ऐसा लगता है कि ये दवा कारगर है। हम डब्ल्यूएचओ के परीक्षणों के नतीजों की प्रतीक्षा करेंगे और ये भी देखेंगे कि क्या दूसरी कंपनियां भी इस पर काम कर सकती हैं।“

4 of 5
शोध (फाइल फोटो)
परीक्षण में उत्साहवर्धक परिणाम
अमरीकी संस्था नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ एलर्जी एंड इन्फेक्शस डिजीजेस (NIAID) ने इस दवा का क्लीनिकल ट्रायल किया था जिसमें दुनिया के कई देशों के हॉस्पिटलों में 1,063 लोगों पर परीक्षण किया गया और जिनमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देश शामिल हैं।

कुछ रोगियों को दवाएं दी गईं जबकि कुछ का प्लैसीबो या वैकल्पिक इलाज किया गया। NIAID के प्रमुख एंथनी फाउची ने कहा, रेमडेसिविर से स्पष्ट देखा गया कि इससे रोगियों में सुधार का समय घट गया है। उन्होंने कहा कि नतीजों से ये सिद्ध हो गया कि कोई दवा इस वायरस को रोक सकती है और इससे रोगियों के इलाज की संभावना का द्वार खुल गया।

मगर इस दवा से इस बात का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिल सका है कि इससे कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों को रोका जा सकता है। जिन रोगियों को रेमडेसिवर दी गई उनमें मृत्यु दर 8 फीसदी पाई गई। वहीं जिन रोगियों का इलाज प्लेसिबो से किया गया उनमें मृत्यु दर 11.6 फीसदी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay
कुछ सवाल
बीबीसी के स्वास्थ्य और विज्ञान संवाददाता जेम्स गैलेघर का कहना है कि अभी ये साफ नहीं है कि इस दवा से किसे फायदा होगा और इससे कुछ सवाल भी पैदा होते हैं। क्या इससे ऐसे लोग और जल्दी ठीक हो जा रहे हैं ऐसे भी ठीक हो रहे थे? 
  • या क्या इससे लोगों को आईसीयू में पहुंचने की स्थिति से बचाया जा सकता है?
  • ये दवा युवाओं में ज्यादा कारगर रही या बूढ़े लोगों में?
  • या ऐसे लोगों में कारगर हुई जिन्हें पहले से कोई बीमारी नहीं थी?
संवाददाता का कहना है कि ये कुछ ऐसे मुद्दे हैं जो इस दवा का पूरा ब्यौरा सामने आने के बाद पूछे जाएंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें