बहुत सारे लोग ऐसे हैं जो घर में भी मुर्गियों और बतखों को पालते हैं और उनके पास जाकर, उन्हें गले लगाकर या चुंबन लेकर उन्हें प्यार भी करते हैं, लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र यानी सीडीसी ने इसे लेकर एक चेतावनी जारी की है। सीडीसी ने लोगों से अपील की है कि वे मुर्गियों और बतखों को गले लगाने या चुंबन लेने से बचें, क्योंकि इससे खतरनाक बीमारी हो सकती है और अगर बीमारी होने के बाद स्थिति गंभीर हुई तो जान जाने का भी खतरा है। सीडीसी के मुताबिक, मुर्गियों और बतखों से साल्मोनेला कीटाणु फैल सकते हैं और सबसे ज्यादा डरने वाली बात ये है कि कई ऐसी दवाएं हैं, जिनका इसपर कोई असर नहीं होता। अमेरिका के 46 राज्यों में अब तक इसके 474 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 103 मरीज फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और एक की मौत हो चुकी है।