Medically Reviewed by-
डॉ. रूपम तिवारी,
एमडीएस
सीनियर कंसल्टिंग डेंटिस्ट
मुस्कुराने पर चमकते, सफेद दांत सबको अच्छे लगते हैं। ये आपकी पूरी पर्सनालिटी को खूबसूरत बनाते हैं। इसलिए फोटो खींचते समय दांत दिखाकर मुस्कुराने को कहा जाता है। हालांकि मुश्किल ये होती है कि लोग दांतों की सेहत को लेकर कम सचेत रहते हैं। दांतों के डॉक्टर के पास तब जाया जाता है जब दांतों में सड़न हो जाए, तेज दर्द हो या कोई गम्भीर चोट लग जाए। अन्यथा तो ज्यादातर लोग दो बार ब्रश करना भी जरूरी नहीं समझते। दांतों की सेहत में आपकी जीवनशैली की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। खराब जीवनशैली दांतों को गम्भीर नुकसान पहुंचा सकती है। ओरल हेल्थ का मतलब होता है दांतों सहित मसूडों, जुबान और गले तक की सेहत। इसका ख्याल रखकर आप एक साथ कई सारे स्वास्थ्य संबंधी फायदे पा सकते हैं।
ज्यादातर लोग इस बारे में अनजान होते हैं कि उनके दांतों, मसूडों आदि को होने वाला नुकसान उनके पूरे स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे दिल की सेहत को भी खतरा हो सकता है। जी हां, सुनने में अजीब लग सकता है लेकिन दांतों को होने वाला नुकसान कई तरह से हार्ट हेल्थ को खतरे में डाल सकता है। इसलिए जरूरी है कि ओरल हेल्थ को लेकर सतर्कता रखी जाए।