कोरोना वायरस का कहर अभी खत्म भी नहीं हुआ है कि देश में एक नई आफत आ गई है। इस आफत का नाम 'बर्ड फ्लू' है। ऐसा नहीं है कि यह कोई नई बीमारी है, बल्कि इसके मामले भारत में अक्सर आते रहते हैं, लेकिन इस कोरोना काल में, जब लोग पहले से ही परेशान हैं, बर्ड फ्लू ने इस परेशानी को और भी बढ़ा दिया है। हिमाचल प्रदेश से लेकर राजस्थान, केरल और कुछ अन्य राज्यों में भी बड़ी संख्या में बर्ड फ्लू के कारण पक्षियों की मौत हुई है। मध्यप्रदेश के इंदौर में अगार- मालवा और मंदसौर जिलों में मृत कौवों में एच5एन8 (H5N8) वायरस पाया गया है। केंद्र सरकार ने इसको लेकर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से बर्ड फ्लू को फैलने से रोकने के लिए तत्काल हर संभव कदम उठाने को कहा है। केंद्र ने चेतावनी दी है कि यह फ्लू इंसानों और अन्य पालतू पशु पक्षियों में फैल सकता है। शायद आपको पता न हो, लेकिन यह बीमारी इंसानों से इंसानों में भी फैल सकती है।