अक्सर जब हम बीते हुए दिनों की बात करते हैं तो एक बात कॉमन होती है। कि पहले के लोग बहुत पैदल चला करते थे, इसलिए फिट रहते थे। हालांकि उस समय में चूंकि गाड़ी-घोड़े उतनी आसानी से उपलब्ध नहीं थे, इसलिए यह एक तरह की मजबूरी भी थी। सामान्य दिनचर्या में सामान लाने, नदी पर जाने या अन्य कामों के लिए लम्बी दूरियां लोगों को पैदल चलकर ही तय करनी होती थीं। हो सकता है कि यह फिटनेस का एक कारण रहा हो, क्योंकि पैदल चलना एक ऐसी एक्सरसाइज है, जिसका फायदा पूरे शरीर और दिमाग तक को पहुंचता है। इसलिए एक बार फिर से पैदल चलने को फिटनेस के लिए सबसे बढ़िया एक्सरसाइज माना जा रहा है। आजकल बकायदा मोबाइल और अन्य गैजेट्स पर इन कदमों को गिनने के साथ ही कितने कदम चलने पर कितनी कैलोरीज बर्न हुईं, इस सबका हिसाब रखने की सुविधा भी मिल रही है। खासकर एक दिन में दस हजार कदम चलने का फॉर्मूला कई लोग फॉलो कर रहे हैं। तो जानिए कैसे फायदेमंद हो सकती है, पैदल चलने वाली एक्सरसाइज।