मशहूर गायिका अलका याग्निक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया कि उनके सुनने की क्षमता कम हो गई है। उनमें दुर्लभ सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस नामक समस्या का निदान किया गया है। पोस्ट में गायिका ने बताया कि उन्हें ये समस्या वायरल संक्रमण के कारण हुई जिसके कारण अब कम सुनाई देता है।
सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस (एसएनएचएल) अक्सर उम्र बढ़ने की प्रक्रिया का एक स्वाभाविक हिस्सा माना जाता रहा है। हालांकि जीवनशैली और कुछ पर्यावरणीय स्थितियों के कारण आप कम उम्र में भी इसके शिकार हो सकते हैं। आंतरिक कान या श्रवण तंत्रिका की संरचनाओं में होने वाली क्षति की इस समस्या का जोखिम किसी को भी हो सकता है।
डॉक्टर कहते हैं, कान काफी संवेदनशील अंग हैं जिनको लेकर आपको विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है, हालांकि युवाओं में बढ़ती एक गड़बड़ आदत ने इसका खतरा काफी बढ़ा दिया है। आइए जानते हैं कि कम सुनाई देने की ये समस्या क्यों होती है और इससे कैसे बचाव किया जा सकता है?