पिछले एक दशक में जितनी भी गंभीर बीमारियों के मामले बढ़े हैं, उनमें से 80 फीसदी के लिए जीवनशैली और आहार की गड़बड़ी को मुख्य कारण के तौर पर जाना जाता है। विशेषज्ञ कहते हैं, हम क्या खाते-पीते हैं, हमारी दिनचर्या कैसी है, इसका सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है। लोगों में समय के साथ बढ़ती शारीरिक निष्क्रियता और गड़बड़ खान-पान ने कई तरह की गंभीर और जानलेवा बीमारियों के जोखिम को बढ़ा दिया है। अध्ययनों में प्रोसेस्ड, जंक और ज्यादा तली-भुनी चीजों के सेवन को शरीर के लिए काफी नुकसानदायक बताया गया है। ऐसे ही धूम्रपान और शराब पीने की आदत भी सेहत को गंभीर क्षति पहुंचा सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बहुत से लोगों का मानना है कि भोजन के समय या विशेष अवसरों पर कभी-कभार बीयर या वाइन पी लेना हानिकारक नहीं है, लेकिन शोध इस बात पर विशेष जोर देते हैं कि किसी भी रूप में या थोड़ी भी मात्रा में शराब पीने से सेहत को नुकसान हो सकता है। शराब आपके शारीरिक-मानसिक दोनों तरह की सेहत को गंभीर रूप से क्षति पहुंचा सकती है। इससे शरीर के अंगों से लेकर तंत्रिका तंत्र और मस्तिष्क तक को गहरी क्षति हो सकती है। इससे उपजी कुछ स्थितियां जानलेवा भी हो सकती है। शराब के सेवन से पूरी तरह से परहेज किया जाना चाहिए।