दुनियाभर में पिछले दो साल से अधिक समय से कोरोना का संक्रमण लगातार जारी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक 30 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 54 लाख से अधिक लोगों की इससे मौत गई है। कोरोना के डेल्टा जैसे वैरिएंट्स को काफी घातक माना जाता है, यह संक्रमितों में गंभीर समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इस बीच एक हालिया अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया कि कोरोना काल में संक्रमण के अलावा कुछ अन्य कारणों से मौत के मामलों में इजाफा देखने को मिला है। इस दौरान शराब के सेवन की बढ़ी आदतों को उनमें से एक माना जा रहा है।
अध्ययन में पाया गया कि कोविड-19 महामारी के दौरान शराब की खपत में 21 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसके परिणामस्वरूप शराब से संबंधित लिवर की बीमारी के कारण आठ हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा लिवर फेलियर के 18,700 और लिवर कैंसर के एक हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि लोगों की इस एक आदत ने स्वास्थ्य समस्या और मौत के जोखिम को कई गुना तक बढ़ा दिया है। इसको लेकर विशेष सावधान रहने की आवश्यकता है।