भारत में कोरोना की रफ्तार बढ़ती हुई देखी जा रही है, विशेषकर कोरोना के नए सब-वैरिएंट के कारण पिछले एक महीने में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी दैनिक आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 609 लोगों को संक्रमण का शिकार पाया गया है, साथ ही तीन मौतें भी दर्ज की गई हैं। वहीं जिस गति से देश में JN.1 वैरिएंट के मामले बढ़ रहे हैं, वो विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा रहे हैं। देखते ही देखते देश में इस नए वैरिएंट से संक्रमितों का आंकड़ा 1200 को पार कर गया है।
इंडियन सार्स-सीओवी-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) द्वारा साझा किए गए डेटा से पता चला है कि कर्नाटक में सबसे अधिक 215 मामले दर्ज किए गए हैं, इसके बाद आंध्र प्रदेश (189), महाराष्ट्र (170), केरल (154), पश्चिम बंगाल (96), गोवा (90), तमिलनाडु (88) और गुजरात (76)। तेलंगाना और राजस्थान में 32, छत्तीसगढ़ में 25, दिल्ली में 16, उत्तर प्रदेश में 7, हरियाणा में पांच, ओडिशा में तीन और उत्तराखंड और नागालैंड में एक-एक मामला सामने आया है।