नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) नेता एवं पूर्व एमएलसी त्रिलोचन सिंह वजीर की हत्या का दूसरे आरोपी बलवीर सिंह उर्फ बिल्ला को भी दिल्ली पुलिस ने जम्मू के डिग्याना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि हत्या हरमीत ने की थी। हरमीत ने वजीर के खाने में नशे की गोलियां मिलाईं थीं। इसके बाद सोते हुए गोली मार दी। शव को चादर में लपेटकर बाथरूम में डाल दिया था। हथियार हरमीत ही लेकर आया था। अब तक की जांच में पता चला है कि त्रिलोचन की हत्या साजिश रचकर की गई है। त्रिलोचन सिंह को साजिश के तहत ही दिल्ली बुलाया गया था। बलवीर भी हत्याकांड में शामिल है।
जानकारी के अनुसार हरप्रीत सिंह ने बिल्ला, राजिंदर और हरमीत को वजीर की हत्याकी सुपारी दी थी। वजीर के कनाडा जाने के लिए उनकी टिकट और वीजा लगाने के लिए भी हरप्रीत सिंह ने वजीर को दिल्ली बुलाया था। जम्मू से गिरफ्तार राजेंद्र उर्फ राजू को बुधवार सुबह दिल्ली लाकर कोर्ट में पेश करने के बाद अपराध शाखा को सौंप दिया गया। पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्रिलोचन सिंह जम्मू-कश्मीर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी व जम्मू-कश्मीर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के चेयरमैन रहे हैं। राजू ने बताया कि मोती नगर के जिस मकान में त्रिलोचन की हत्या हुई, वह फरवरी में 29 हजार रुपये किराए पर लिया गया था।