घाटी में कश्मीरी हिंदुओं के कत्लेआम और विस्थापन पर बनी चर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स को लेकर जहां सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है, वहीं कश्मीरी मुस्लिम भी इसके समर्थन में सामने आने लगे हैं। कश्मीर में हिंदुओं के नरसंहार के चश्मदीद रहे कश्मीरी लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता जावेद बेग ने अपने ट्विटर हैंडल पर कश्मीरी हिंदु महिला गिरिजा टिक्कू की विचलित कर देने वाली तस्वीर साझा कर लिखा- मैं एक कश्मीरी मुस्लिम हूं। हमारी पंडित बहन गिरिजा टिक्कू को कश्मीरी मुस्लिम परिवारों से संबंधित आतंकियों ने जिंदा काट डाला था। आतंकियों के हाथों में पाकिस्तान की दी हुईं बंदूकें थीं। यह सब आजादी के नाम पर हुआ। यह कोई दुष्प्रचार नहीं, बल्कि हकीकत है। मैं हाथ जोड़कर पंडित बिरादरी से उस अत्याचार के लिए माफी मांगता हूं। बेग के ट्वीट पर कई प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं।